Monday, August 17, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय नोएडा एयरपोर्ट के फर्जी वीडियो पर एफआईआर दर्ज , ‘सच बोलो ‘...

नोएडा एयरपोर्ट के फर्जी वीडियो पर एफआईआर दर्ज , ‘सच बोलो ‘ फेसबुक अकाउंट के खिलाफ जांच शुरू

0
5

ग्रेटर नोएडा, 17 अगस्त (आईएएनएस)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर फर्जी और भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के मामले में जेवर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एयरपोर्ट प्रबंधन की शिकायत के आधार पर थाना जेवर में ‘सच बोलो’ नाम से संचालित फेसबुक अकाउंट के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया अकाउंट से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की स्थिति को गलत तरीके से दर्शाने वाला एक वीडियो प्रसारित किया गया, जिससे आम लोगों और यात्रियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, यह वीडियो 14 अगस्त 2026 को ‘सच बोलो’ नाम के फेसबुक अकाउंट पर अपलोड किया गया था। वीडियो में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जलभराव जैसी स्थिति दिखाई गई थी।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने इस वीडियो को गलत, भ्रामक और वास्तविक परिस्थितियों को तोड़-मरोड़कर पेश करने वाला बताया है। शिकायत में कहा गया है कि वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है और इसके कारण बड़ी संख्या में लोग एयरपोर्ट की वास्तविक स्थिति को लेकर गुमराह हो सकते हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस तरह की सामग्री के प्रसार से न केवल अनावश्यक सार्वजनिक भ्रम और चिंता पैदा हो सकती है, बल्कि यात्रियों, हितधारकों और आम लोगों को भी एयरपोर्ट से जुड़ी गलत जानकारी मिल सकती है।

एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से यह आशंका भी जताई गई है कि कथित भ्रामक वीडियो से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। शिकायत में इसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक बुनियादी ढांचा परियोजना बताते हुए सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की जांच और उसके संबंध में कानून के तहत उचित कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तरफ से यह शिकायत मयंक कुमार, शिफ्ट इंचार्ज, सिक्योरिटी ऑर्गनाइजेशन-एन की ओर से दी गई है।

अब पुलिस कथित वीडियो के मूल स्रोत, उसे फेसबुक पर अपलोड करने वाले अकाउंट, वीडियो की वास्तविकता और उसके प्रसार की परिस्थितियों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो को किस उद्देश्य से तैयार या प्रसारित किया गया और क्या इसमें जानबूझकर एयरपोर्ट की गलत तस्वीर पेश की गई थी।

जेवर थाना क्षेत्र से जुड़े इस मामले में पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट और वायरल वीडियो की तकनीकी जांच के साथ-साथ उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाल सकती है।

–आईएएनएस

पीकेटी/पीएम