Wednesday, July 15, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय नोएडा: अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरफ्तार, चोरी के 12 दोपहिया वाहन बरामद

नोएडा: अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरफ्तार, चोरी के 12 दोपहिया वाहन बरामद

0
3

नोएडा, 15 जुलाई (आईएएनएस)। नोएडा के थाना फेस-1 की पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए एक शातिर अंतर्राज्यीय दोपहिया वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल का चेसिस बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक नाबालिग आरोपी को भी पुलिस हिरासत में लिया गया है। बरामद वाहनों की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को फेस-1 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर अभियान चलाया। इस दौरान बर्ड सेंचुरी अंडरपास के पास से आरोपी आशु ढेढा (26 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय सुखबीर सिंह, निवासी पीपल चौक, दल्लूपुरा, थाना न्यू अशोक नगर, दिल्ली को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी के कुल 12 दोपहिया वाहन बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी के साथ पहले दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों की रेकी करता था। मौका मिलते ही पार्किंग या सुनसान स्थानों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी कर लेता था। चोरी के बाद वाहनों को तुरंत बेचने के बजाय सेक्टरों में खड़ी अन्य गाड़ियों के बीच छिपाकर रख देता था ताकि किसी को शक न हो। बाद में जरूरत पड़ने पर वह खुद को मजबूर बताकर इन वाहनों को कबाड़ियों या राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेच देता था। चोरी से मिलने वाले पैसों को दोनों आपस में बांटकर मौज-मस्ती और अपने शौक पूरे करने में खर्च करते थे।

पुलिस ने बताया कि बरामद एक मोटरसाइकिल की जांच जिपनेट के माध्यम से की गई, जो थाना ईस्ट विनोद नगर, दिल्ली से चोरी होना पाई गई। इसके बाद आरोपी की फोटो उत्तर प्रदेश पुलिस के ‘यक्ष ऐप’ और ‘गाण्डीव पोर्टल’ पर मिलान कराई गई, जिसमें उसके खिलाफ पहले से दर्ज कई आपराधिक मामलों की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, लूट, चोरी का माल रखने, आर्म्स एक्ट सहित कुल 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

इससे स्पष्ट है कि आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी के संगठित नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था। बरामद वाहनों में नोएडा के फेस-1, सेक्टर-24 और सेक्टर-49 थानों के अलावा दिल्ली के कल्याणपुरी, गोविंदपुरी, शकरपुर तथा अन्य क्षेत्रों से चोरी हुई मोटरसाइकिलें और स्कूटी शामिल हैं। कुछ वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी के अन्य वाहनों की बरामदगी और खरीदने वालों तक पहुंचने के लिए पूछताछ जारी है।