SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय नोएडा: ककराला खासपुर में बनेगा आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सितंबर में पूरा होगा...

नोएडा: ककराला खासपुर में बनेगा आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सितंबर में पूरा होगा निर्माण कार्य

0
4

नोएडा, 27 अगस्त (आईएएनएस)। जनपद गौतमबुद्धनगर में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने की दिशा में नोएडा प्राधिकरण ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में नगरीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर तथा प्रधानमंत्री जन आरोग्य कार्यक्रम के अंतर्गत नगरीय आयुष्मान मंदिर संचालित किए जाने की योजना पर काम किया जा रहा है।

इसका उद्देश्य लोगों को उनके आसपास ही बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और राज्य एवं केंद्र सरकार की स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। इसी क्रम में नोएडा प्राधिकरण द्वारा स्वास्थ्य विभाग, गौतमबुद्धनगर के साथ समन्वय करते हुए नोएडा क्षेत्र के ग्राम ककराला खासपुर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है।

इस केंद्र को पोर्टेबल क्लीनिक के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है और इसे सितंबर माह में पूर्ण कराने का प्रस्ताव है। प्राधिकरण के अनुसार, आयुष्मान आरोग्य मंदिर के तैयार होने के बाद इसका संचालन स्वास्थ्य विभाग, गौतमबुद्धनगर द्वारा किया जाएगा। केंद्र के माध्यम से क्षेत्रीय नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी एवं उनका लाभ भी प्रदान किया जाएगा।

इससे लोगों को सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार के लिए दूर स्थित अस्पतालों या स्वास्थ्य केंद्रों पर जाने की आवश्यकता कम होगी। निर्माणाधीन वेलनेस सेंटर का आकार लगभग 12.200 x 9.150 मीटर निर्धारित किया गया है। केंद्र को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकें। इसमें ओपीडी रूम, वेलनेस रूम, डे-केयर रूम, वेटिंग एरिया और स्टाफ/गार्ड रूम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को शामिल किया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि नगरीय क्षेत्रों में इस तरह के आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित होने से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। साथ ही, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच उन आबादी क्षेत्रों तक बढ़ेगी, जहां लोगों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी अपेक्षाकृत दूर जाना पड़ता है। केंद्र के संचालन के बाद स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलने की उम्मीद है। सितंबर में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा केंद्र के संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इससे ककराला खासपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने का रास्ता साफ होगा।