नोएडा, 8 जुलाई (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-49 थाने की पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से नोएडा और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में रेकी कर दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे और बाद में इन्हें राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देते थे।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को सेक्टर-49 की पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सहायता से कार्रवाई करते हुए बिजली घर, सेक्टर-50 नोएडा के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलिन्दर पुत्र संतकुमार और विवेक पुत्र संजय के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिल बरामद की गईं। इस कार्रवाई की शुरुआत 5 जुलाई को हुई शिकायत से हुई थी।
एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-49 में अपनी मोटरसाइकिल सेक्टर-50 से चोरी होने की सूचना दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और बीट पुलिसिंग की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिलों में कई वाहन नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। बरामद मोटरसाइकिलों में कई नोएडा के अलग अलग थाना इलाके से चोरी की गई थीं, जिनकी एफआईआर दर्ज है।
अन्य बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है और उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाया जा रहा है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पहले सुनसान स्थानों और पार्किंग क्षेत्रों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही मोटरसाइकिल चोरी कर लेते थे और फिर उन्हें एक सुरक्षित स्थान पर छिपाकर रखते थे। जब कोई ग्राहक मिल जाता था तो इन चोरी की मोटरसाइकिलों को बिना किसी वैध दस्तावेज के कम कीमत पर बेच दिया जाता था।
पुलिस को आशंका है कि आरोपियों का संबंध वाहन चोरी के बड़े नेटवर्क से भी हो सकता है, जिसकी जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपी बलिन्दर मूल रूप से बिहार के कटिहार जिले के गोपालगंज गांव का रहने वाला है और वर्तमान में ग्राम होशियारपुर, थाना सेक्टर-49 क्षेत्र में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष है। दूसरा आरोपी विवेक, ग्राम होशियारपुर, सेक्टर-51 नोएडा का निवासी है और उसकी उम्र 19 वर्ष है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बलिन्दर के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत थाना सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज है, जबकि विवेक के खिलाफ थाना सेक्टर-24 में आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है। वर्तमान मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-49 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
नोएडा पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वाहन सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी के इस नेटवर्क में उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

