SGSU Advertisement
Home Student & Youth एनटीपीसी लिमिटेड में 15 असिस्टेंट ऑफिसर पदों पर आवेदन शुरू, जानें कौन...

एनटीपीसी लिमिटेड में 15 असिस्टेंट ऑफिसर पदों पर आवेदन शुरू, जानें कौन कर सकता है अप्लाई

0
4

नई दिल्ली, 21 सितंबर (आईएएनएस)। एनटीपीसी लिमिटेड में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। एनटीपीसी लिमिटेड ने असिस्टेंट ऑफिसर (कॉर्पोरेट संचार) के कुल 15 पदों भर्ती की घोषणा एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके की है। इनमें जनरल के 8, ईडब्ल्यूएस का 1, ओबीसी के 3, एससी के 2 और एसटी का 1 पद शामिल हैं।

सहायक अधिकारी (कॉर्पोरेट संचार) के 15 पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 21 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 5 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एनटीपीसी लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या संस्थान से किसी भी विषय में कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ पूर्णकालिक बैचलर डिग्री के साथ मास कम्युनिकेशन, जर्नलिज्म, एडवरटाइजिंग एंड कम्युनिकेशन, पब्लिक रिलेशंस या इन विषयों के कॉम्बिनेशन में कम से कम 60 प्रतिशत अंक के साथ दो वर्ष की पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री या पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा होनी चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 29 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन की शॉर्टलिस्टिंग या स्क्रीनिंग, लिखित या कंप्यूटर-आधारित परीक्षा और व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 30,000 से 1,20,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पूर्व-सैनिक/पीडब्ल्यूबीडी और महिलाओं को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।