ऑयल इंडिया में नर्स सहित कई पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

0
2

नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) ने असम और अरुणाचल प्रदेश के योग्य और इच्छुक निवासियों के लिए संविदा के आधार पर नियुक्त करने के लिए फील्ड मुख्यालय, दुलियाजान में नर्स के 2 और पैरामेडिकल डायलिसिस तकनीशियन के 3 पदों पर रिक्तियां के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

इन पदों पर पात्र अभ्यर्थियों का चयन 100 अंकों के लिए आयोजित की जाने वाली वॉक-इन पर्सनल असिस्टेंट (व्यक्तिगत मूल्यांकन), योग्यता/उत्तीर्ण अंक, पेशेवर ज्ञान और कौशल, एवं अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी नर्स पद के लिए 24,960 रुपए वेतन प्रतिमाह और 960 रुपए का वेरिएबल पे प्रत्येक कार्य दिवस के हिसाब से दिया जाएगा।

वहीं, पैरामेडिकल डायलिसिस तकनीशियन पद के लिए उम्मीदवारों को निश्चित वेतन 21,450 रुपए प्रतिमाह और 825 रुपए का वेरिएबल पे प्रत्येक कार्य दिवस के हिसाब से दिया जाएगा।

नर्स पद के लिए कैंडिडेट्स का सरकारी मान्यता प्राप्त बोर्ड/विश्वविद्यालय से किसी भी स्ट्रीम में 12वीं और भारतीय नर्सिंग परिषद से जनरल नर्सिंग और मिडवाइफरी (जीएनएम) में डिप्लोमा उत्तीर्ण होना चाहिए। इसी के साथ, योग्यता प्राप्त करने के बाद कम से कम 2 वर्ष का पूर्णकालिक कार्य अनुभव होना चाहिए। यह कार्य अनुभव सरकारी अस्पताल, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) अस्पताल, या किसी प्रतिष्ठित निजी अस्पताल में नर्स के रूप में होना चाहिए या बीएससी नर्सिंग उत्तीर्ण और राज्य नर्सिंग परिषद में वैध पंजीकरण होना चाहिए।

इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास सरकारी अस्पताल या सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) अस्पताल या प्रतिष्ठित निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कम से कम 1 वर्ष का पूर्णकालिक कार्य अनुभव होना चाहिए।

पैरामेडिकल डायलिसिस तकनीशियन पद के लिए उम्मीदवारों के पास किसी सरकारी मान्यता प्राप्त बोर्ड/विश्वविद्यालय से विज्ञान स्ट्रीम में कक्षा 12वीं उत्तीर्ण होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास डायलिसिस प्रौद्योगिकी में न्यूनतम 2 वर्ष की अवधि का डिप्लोमा/प्रमाण पत्र होना चाहिए। इसके अलावा योग्यता प्राप्त करने के बाद डायलिसिस के क्षेत्र में न्यूनतम 2 वर्षों का पूर्णकालिक कार्य अनुभव सरकारी अस्पताल या प्रतिष्ठित निजी अस्पताल से होना चाहिए।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु दोनों की पदों के लिए 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 26 मई के आधार पर की जाएगी। वहीं, ओबीसी (एनसीएल) श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स के लिए अधिकतम आयु 43 वर्ष तय की गई है।

वॉक-इन पर्सनल असिस्टेंट का आयोजन 26 मई को ‘व्यावसायिक स्वास्थ्य केंद्र, ऑयल अस्पताल, ऑयल इंडिया लिमिटेड, दुलियाजान, असम’ पते पर किया जाएगा। इससे पहले इसी दिन सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच उम्मीदवारों का रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी जारी रहेगा। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार व्यक्तिगत मूल्यांकन के लिए उपस्थित होने वाले हैं। उन्हें पंजीकरण के लिए समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स की मूल कॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ओआईएल की वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें।