लखनऊ, 24 मई (आईएएनएस)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है। राहुल गांधी के बयान और अल्पसंख्यक वोटों पर फोकस करने की अपील पर राजभर ने तंज कसा।
राजभर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “राहुल गांधी अगर मुसलमानों के मसीहा बनना चाहते हैं तो किसी मुसलमान के बेटे को अपनी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दें, तब मैं उन्हें मानूंगा।”
राजभर ने आगे सवाल किया, “जब केरल में उनकी सरकार बनी तो क्या उन्होंने किसी मुसलमान को मुख्यमंत्री बनाया? अगर यूपी में उनके गठबंधन की सरकार बनती है तो क्या वह किसी मुसलमान को मुख्यमंत्री घोषित करेंगे? या सिर्फ बोल रहे हैं?”
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय में सिख, ईसाई, पारसी और जैन भी शामिल हैं, लेकिन राहुल गांधी केवल मुसलमानों की बात क्यों कर रहे हैं? राजभर ने कहा, “अगर उन्हें मुसलमानों का वोट चाहिए तो पहले किसी मुसलमान को कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना सकते हैं।”
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के राहुल गांधी पर देश में हिंसा फैलाने का आरोप लगाए जाने को राजभर ने सही ठहराया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी और अखिलेश यादव के नेताओं के बयान क्या दिखाते हैं। बहराइच में उन्होंने दंगा कराने की कोशिश की, संभल में भी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। वे हिंदू-मुसलमान को लड़ाने की राजनीति करते हैं।”
पश्चिम बंगाल में मदरसों में ‘वंदे मातरम’ को अनिवार्य करने पर ओपी राजभर ने पूर्ण समर्थन जताया। उन्होंने कहा, “भारत में रहना है तो ‘वंदे मातरम’ कहना ही होगा। यह व्यवस्था पूरे देश में लागू होगी। सिर्फ बंगाल ही नहीं, उत्तर प्रदेश में भी इसे लागू किया जाएगा।”
ओपी राजभर ने दावा किया कि विभिन्न दलों से लोग उनकी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया, “समाजवादी पार्टी से 150, बहुजन समाज पार्टी से 98, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस से भी लोग शामिल हुए हैं। रविवार को 250 लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली। समाज के हर तबके के लोग पार्टी ज्वाइन कर रहे हैं।”

