Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth ओपीटीसीएल में मैनेजमेंट ट्रेनी के 60 पदों पर नौकरी का अवसर, इस...

ओपीटीसीएल में मैनेजमेंट ट्रेनी के 60 पदों पर नौकरी का अवसर, इस तिथि तक करें आवेदन

0
4

भुवनेश्वर, 28 मई (आईएएनएस)। ओडिशा पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (ओपीटीसीएल) ने प्रबंधन प्रशिक्षु (विद्युत) के कुल 60 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके आवेदन मांगे हैं। इन पदों में एससी के 10, एसटी के 12, एसईबीसी के 7 और यूआर के 31 पद शामिल हैं।

ओपीटीसीएल की ओर से मैनेजमेंट ट्रेनी (इलेक्ट्रिकल) पोस्ट के लिए जारी 60 रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 26 मई के शाम 4 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 25 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे ओपीटीसीएल की ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान से इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ डिग्री या संबंधित विषय में आईई (भारत) के खंड-ए और बी में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए। इसी के साथ उम्मीदवार को आईआईटी गुवाहाटी द्वारा आयोजित जीएटीई-2026 परीक्षा में उपस्थित और उत्तीर्ण होना चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 32 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 मई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन गेट (जीएटीई) 2026 स्कोर, पर्सनल इंटरव्यू, शॉर्टलिस्टिंग, चिकित्सा परीक्षण और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को पहले वर्ष ट्रेनिंग के दौरान 50,000 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे। वहीं, प्रशिक्षण के बाद उम्मीदवारों की सैलरी 56,100 से 1,77,500 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो अनारक्षित (यूआर)/एसईबीसी के लिए 1,180 रुपए और एससी/एसटी (केवल ओडिशा में)/पीडब्ल्यूबीडी के लिए 590 रुपए तय किया गया है। वहीं, ओपीटीसीएल विभागीय उम्मीदवार (नियमित कर्मचारी) को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।