SGSU Advertisement
Home राजनीति ओवैसी की बात सही, सपा-कांग्रेस मुस्लिमों को सिर्फ वोट बैंक समझती हैं...

ओवैसी की बात सही, सपा-कांग्रेस मुस्लिमों को सिर्फ वोट बैंक समझती हैं : ओम प्रकाश राजभर

0
4

अंबेडकर नगर, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है। यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि ये लोग मुस्लिमों को दबाने का काम करते हैं, जहां भी मुस्लिम प्रत्याशी खड़ा होता है, वहां पर यादव प्रत्याशी उतारकर उसको दबाने का काम करते हैं।

यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पत्रकारों से बात करते हुए असदुद्दीन ओवैसी के बयानों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी केवल चाहते हैं कि उनके यादव समाज के ही लोग आगे बढ़ें और मुस्लिमों का वोट लेकर भी उनको पीछे करते रहें।

उन्होंने कहा कि यूपी में कांग्रेस और सपा दोनों चाहती है कि मुस्लिम हमेशा पीछे रहे, जिससे उनको इसका फायदा मिलता रहे। दोनों पार्टी एक सिक्के के दो पहलू हैं। जब इन लोगों को मुस्लिम वोट दे देता है तो ये लोग केवल अपनी जाति को आगे बढ़ाने का काम करते हैं। यहां तक कि मुस्लिम समाज को दंगा भी देखना पड़ता है।

राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने मुसलमानों के दम पर चार बार सरकार बनाई, लेकिन उन्होंने मुसलमानों से दरी बिछवाने का काम कराया। एक बार भी मुसलमान को मुख्यमंत्री बनाने की बात नहीं की। उन्होंने कहा कि जब सरकार बनी तो अखिलेश यादव ने अपनी बिरादरी को आगे बढ़ाया। जब कांग्रेस सरकार बनी तो वे भी अपने ही दांव-पेच में उलझ गए। उन्होंने कहा कि इस नाते ओवैसी जो कह रहे हैं, वो बिल्कुल सही कह रहे हैं।

बता दें कि ओवैसी ने अभी हाल ही में बहराइच में एक जनसभा में मुसलमानों को लेकर कहा था कि हम कहते हैं, “दरी नहीं बिछाएंगे।” हम कहते हैं कि हम वोट बैंक नहीं हैं और हमें हमारा हक मिलना चाहिए। जहां सपा मुस्लिम प्रत्याशी नहीं उतारेगा, वहां हम उतारेंगे।

एसआईआर को लेकर देश में चल रहे प्रदर्शन पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि विपक्ष के लोगों को जनता ने नकार दिया है और अब ये लोग अपनी हार के लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार बता रहे हैं। 2014 से पहले पूरे देश की सिस्टम पर कांग्रेस का कब्जा था, उसी दौरान नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने, उनको जनता का पूरा प्यार मिला। इसी तरह जब यूपी में सपा की सरकार थी, उसी के बाद भाजपा की सरकार बनी, अब ये लोग शोर मचा रहे हैं।

यूपी में सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर राजभर ने कहा कि ये सीट को लेकर आपस में ही लड़ रहे हैं, जनता को बेवकूफ बनाने का काम करते हैं। इनसे कुछ नहीं होने वाला है। जनता सब समझ रही है।