नागपुर, 26 अगस्त (आईएएनएस)। इलाहाबाद हाईकोर्ट के हिजाब संबंधी फैसले को एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी द्वारा संविधान के खिलाफ बताए जाने के बाद शिवसेना नेता संजय निरुपम ने उन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी मुसलमानों की भावनाओं को लगातार भड़काकर अपनी राजनीति करते हैं।
नागपुर में आईएएनएस से बातचीत में शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि ओवैसी एक कट्टरपंथी सोच वाले व्यक्ति हैं। वे मुसलमानों की भावनाओं को लगातार भड़काकर अपनी राजनीति करते हैं। ऐसा करते हुए वे अक्सर धर्म के नाम पर देश के कानूनों का उल्लंघन करते हैं और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। जब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यह फैसला दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर हिजाब का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए, तो इस देश के कानून का सम्मान करने वाले हर मुसलमान को इसे मानना चाहिए। मैं हिजाब के खिलाफ नहीं हूं, लेकिन सार्वजनिक स्थलों पर इसका प्रदर्शन नहीं होना चाहिए।
भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा राखी के एक विज्ञापन में अभिनेत्री कृति सेनन के पहनावे की आलोचना किए जाने और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा कृति सेनन का समर्थन किए जाने पर भी संजय निरुपम ने कहा कि हम महिलाओं की पसंद और उनकी आजादी का सम्मान करते हैं। आज पूरा देश, समाज और दुनिया महिलाओं के साथ खड़ी है, क्योंकि वे आगे बढ़ रही हैं। हम नहीं चाहते कि महिलाएं संकीर्ण सोच में बंधकर रहें। वर्षों तक महिलाओं को पर्दे के पीछे या बंद कमरों में रखा गया। आज महिलाएं आजाद और स्वतंत्र हैं और दुनिया का नेतृत्व कर रही हैं, जिसका हम निश्चित रूप से स्वागत करते हैं। हालांकि, आजादी के नाम पर जो कुछ भी दिखाया जाए, उसमें मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए और अश्लीलता नहीं फैलाई जानी चाहिए।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान पर संजय निरुपम ने कहा कि मैं उन्हें पागल तो नहीं कहूंगा, लेकिन हां, राहुल गांधी अक्सर ऐसे बयान देते हैं, जिनका कोई सिर-पैर नहीं होता। राहुल गांधी की बातों और भाषणों में कई चीजें बेतुकी, असंगत और बेमतलब की होती हैं, जिनका कोई स्पष्ट संदर्भ या आधार नहीं होता। देशभर के लोगों की यही आम राय है और इसीलिए लोग अक्सर उनसे जुड़ नहीं पाते। हालांकि, विपक्ष के नेता के खिलाफ सीधे उस स्तर तक जाकर बात करना शायद किसी और को शोभा दे सकता है, लेकिन मुझे यह ठीक नहीं लगता।
संघ के कार्यक्रम को लेकर न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी की टिप्पणी पर संजय निरुपम ने पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि हम न्यूयॉर्क के मेयर के समर्थन पर निर्भर नहीं हैं। न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी मूल रूप से भारतीय हैं लेकिन वे कट्टर वामपंथी और कुछ हद तक जिहादी सोच वाले भी हैं। ऐसी सोच वाले लोगों ने हमेशा सनातन परंपरा का विरोध किया है। वे सनातन-विरोधी और हिंदुत्व-विरोधी रहे हैं। ऐसे माहौल में अगर संघ प्रमुख सनातन का प्रचार करने के लिए गए हैं और ममदानी इसका विरोध कर रहे हैं, तो हमें इसकी चिंता नहीं है। पूरी दुनिया में सनातन को पसंद करने वाले लोगों के बीच जाना चाहिए।
