Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन पैदा होते ही टाइगर श्रॉफ को मिला था ‘साइनिंग अमाउंट’, सुभाष घई...

पैदा होते ही टाइगर श्रॉफ को मिला था ‘साइनिंग अमाउंट’, सुभाष घई ने किया था ये बड़ा वादा

0
30

मुंबई, 1 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ अपने जबरदस्त एक्शन, डांस और फिटनेस के लिए जाने जाते हैं, लेकिन बहुत कम लोग यह जानते हैं कि उनके जन्म के समय ही उन्हें ‘साइनिंग अमाउंट’ मिल गया था। दरअसल, मशहूर फिल्ममेकर सुभाष घई ने उनके जन्म पर 101 रुपए उनके हाथ पर रखकर कहा था कि वह ही उन्हें हीरो बनाएंगे।

हालांकि वक्त ने अलग कहानी लिखी, लेकिन यह किस्सा आज भी उनके जीवन की सबसे खास बातों में गिना जाता है।

टाइगर श्रॉफ का जन्म 2 मार्च 1990 को मुंबई में हुआ था। उनका असली नाम जय हेमंत श्रॉफ है। वे बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ और फिल्म प्रोड्यूसर आयशा श्रॉफ के बेटे हैं। बचपन में वे काफी फुर्तीले थे, इसलिए घर में उन्हें प्यार से ‘टाइगर’ कहा जाने लगा। यही नाम आगे चलकर उनकी पहचान बन गया।

जब टाइगर का जन्म हुआ, तब सुभाष घई उन्हें देखने पहुंचे थे। घई ने जैकी श्रॉफ को बतौर लीड एक्टर फिल्म ‘हीरो’ से लॉन्च किया था। टाइगर को देखकर उन्होंने 101 रुपए बतौर साइनिंग अमाउंट दिया और कहा कि वे बड़े होकर टाइगर को हीरो बनाएंगे। हालांकि कई साल बीत गए और सुभाष घई ने टाइगर को लेकर कोई फिल्म नहीं बनाई। बाद में निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने टाइगर को मौका दिया।

टाइगर ने साल 2014 में फिल्म ‘हीरोपंती’ से बॉलीवुड में कदम रखा। इस फिल्म में उनके एक्शन और डांस की खूब तारीफ हुई। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और टाइगर को बेस्ट मेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। इसके बाद उन्होंने ‘बागी’, ‘ए फ्लाइंग जट’, ‘मुन्ना माइकल’, और ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2’ जैसी फिल्मों में काम किया। इनमें से कुछ फिल्में सफल रहीं, तो कुछ बॉक्स ऑफिस पर चल नहीं पाईं।

साल 2019 में आई फिल्म ‘वॉर’ उनके करियर की बड़ी हिट साबित हुई। इस फिल्म में उनके साथ ऋतिक रोशन थे, जिन्हें टाइगर अपना आदर्श मानते हैं। ‘वॉर’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की और टाइगर की लोकप्रियता को नई ऊंचाई मिली।

टाइगर को डेब्यू फिल्म के लिए कई सम्मान मिले, जिनमें फिल्मफेयर अवॉर्ड और आईफा अवॉर्ड शामिल हैं। कम फिल्मों में काम करने के बावजूद वे आज के दौर के सबसे चर्चित एक्शन स्टार माने जाते हैं।