Friday, August 21, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति पैलेट गन मामले में संसद मार्ग थाने पहुंचे राहुल गांधी, डीसीपी ऑफिस...

पैलेट गन मामले में संसद मार्ग थाने पहुंचे राहुल गांधी, डीसीपी ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे

0
5

नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार को नई दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे। वे जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन के दौरान छात्रों पर पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर चल रही जांच की प्रगति जानने के लिए डीसीपी ऑफिस गए थे।

राहुल गांधी पहले कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन गए थे। वहां से वे सीधे संसद मार्ग थाने स्थित डीसीपी ऑफिस पहुंचे। वे पैलेट गन पीड़ित साहिल लोहबच को साथ लेकर गए थे और इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे थे। दिल्ली के डीसीपी ऑफिस में उनके साथ डीसीपी नई दिल्ली के अलावा जॉइंट सीपी भी डीसीपी रूम में मौजूद थे। राहुल गांधी का मकसद यह जानना था कि छात्रों पर पैलेट फायरिंग के मामले में जांच अब तक कहां पहुंची है और पुलिस ने क्या कार्रवाई की है।

डीसीपी ऑपिस से बाहर आते ही राहुल गांधी पीड़ित परिवार के साथ संसद मार्ग पुलिस स्टेशन में धरने पर बैठ गए हैं। मौके पर मीडियाकर्मियों की भारी भीड़ जमा है। साहिल वही छात्र है, जो विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन से घायल हो गया था।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इस मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। वे इस शिकायत को दर्ज कराने के लिए संसद मार्ग पुलिस स्टेशन स्थित डीसीपी कार्यालय पहुंचे थे। पुलिस की ओर से अभी इस मामले में जानकारी दी गई है कि शिकायतकर्ता की तरफ से शिकायत दी गई है जबकि राहुल गांधी शिकायतकर्ता नहीं हैं।

नई दिल्ली डीसीपी सचिन शर्मा की ओर से राहुल गांधी से लगातार बात की जा रही है। पुलिस ने कहा है विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 20 जुलाई को दर्ज हुए सभी मामलों की जांच क्राइम ब्रांच के पास है। शिकायतकर्ता को यह बता दिया गया है कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच के पास है और यह शिकायत भी क्राइम ब्रांच को भेजी जाएगी।