पंत के लिए मुश्किल होती जा रही भारतीय टीम में वापसी की राह, खराब फॉर्म बनी सिरदर्द

0
7

नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। 5 मुकाबलों में 104 रन। 26 की औसत और 122 का मामूली स्ट्राइक रेट। यह आईपीएल 2026 में ऋषभ पंत के अब तक के आंकड़े हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन को पंत के लिए भारतीय टीम में वापसी करने के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा था। हालांकि, खराब फॉर्म पंत का पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रही है।

आईपीएल 2026 में रन बनाने और अपनी खोई हुई फॉर्म को खोजने के लिए पंत मानो छटपटा रहे हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इस सीजन के पहले मुकाबले में पंत लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की तरफ से पारी का आगाज करने मैदान पर उतरे थे। हालांकि, उनका यह प्रयोग बिल्कुल भी काम नहीं आया और 9 गेंदों का सामना करने के बाद वह सिर्फ 7 रन ही बना सके। इसके बाद अगले ही मुकाबले में उन्होंने खुद को नंबर तीन पर बल्लेबाजी करना भेजा और 50 गेंदों का सामना करने के बाद नाबाद 68 रन बनाए। इसके बाद से अगले 3 मुकाबलों में पंत इसी पोजीशन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं, लेकिन नतीजे उनके पक्ष में नहीं आ रहे हैं।

पंत की अगर 68 रनों की पारी को एक तरफ कर दिया जाए, तो बाकी 4 पारियों में वह सिर्फ 36 रन ही बना सके हैं। पंत के बल्ले से रन बन नहीं रहे और कप्तानी का भी दबाव उनके प्रदर्शन में साफतौर पर नजर आ रहा है। पंत की अगुवाई में एलएसजी 5 मुकाबलों में से अब तक सिर्फ 2 में ही जीत दर्ज कर सकी है, जबकि 3 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है।

ऋषभ पंत की खराब फॉर्म भारतीय टीम में उनकी वापसी के रास्ते को मुश्किल करती जा रही है। पंत ने टीम इंडिया की जर्सी में अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला जुलाई 2024 में खेला था। वहीं, 50 ओवर के फॉर्मेट में पंत आखिरी बार अगस्त 2024 में खेलते हुए नजर आए थे। पंत के लिए सबसे बड़ी समस्या यह है कि संजू सैमसन, ईशान किशन और जितेश शर्मा बल्ले से दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। संजू ने टी20 विश्व कप 2026 में दमदार प्रदर्शन करते हुए लगभग कुछ समय के लिए टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं, ईशान किशन भी लगातार अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित कर रहे हैं। संजू-ईशान के रहते हुए जितेश के लिए टी20 टीम में जगह नहीं बन पा रही है, तो पंत के लिए इस फॉर्मेट में लौटना कतई आसान नजर नहीं आता है।

पंत भले ही टी20 टीम से बाहर चल रहे थे, लेकिन वनडे में उनकी जगह कुछ समय पहले सुरक्षित समझी जा रही थी। हालांकि, हालिया फॉर्म को देखते हुए अब उन्हें 50 ओवर के फॉर्मेट में भी मौका मिलेगा या नहीं यह कहना काफी मुश्किल है। टेस्ट और वनडे टीम में जगह बनाने के लिए पंत की सीधी टक्कर ध्रुव जुरेल से हो सकती है। जुरेल घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ आईपीएल 2026 में भी अपनी बल्लेबाजी से खूब प्रभावित कर रहे हैं। जुरेल आईपीएल 2026 में खेले 5 मुकाबलों में 177 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 176 रन बना चुके हैं। लगातार होती इंजरी ने भी पंत का काम काफी खराब किया है। पंत को अगर भारतीय टीम में वापस लौटना है, तो उन्हें इस सीजन के बचे हुए मुकाबलों में बल्ले से खुद की काबिलियत को साबित करके दिखाना होगा।