Monday, June 29, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने डाला वोट, कहा, ‘बंगाल में...

अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने डाला वोट, कहा, ‘बंगाल में परिवर्तन की बाढ़ आने वाली है’

0
32

कोलकाता, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। बंगाल चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में आज सात जिलों की 142 सीटों पर सुबह से ही वोटिंग शुरू हो चुकी है और आम लोगों से लेकर मंत्री और सांसद भी वोट डालने के लिए पहुंच रहे हैं।

इसी बीच हिंदी सिनेमा के डिस्को डांसर और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती भी अपना वोट डालने पहुंचे और साफ किया कि इस बार बंगाल में बदलाव की बाढ़ आने वाली है।

वोट देने के बाद अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने विश्वास दिलाया कि चुनाव पूरे निष्पक्ष तरीके से हो रहे हैं और सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा गया है। मुझे यकीन है कि चुनाव बहुत अच्छे तरीके से आगे बढ़ेंगे। वोटिंग शेयर बढ़ने के सवाल पर अभिनेता ने कहा, “जो लोगों की भीड़ देख रहा हूं, उससे साफ है कि पहले चरण का रिकॉर्ड भी टूटेगा और वोटिंग 90 फीसदी से भी आगे जाएगी। अगर ऐसा हुआ तो समझ लेना चाहिए कि परिवर्तन होने वाला है, लेकिन जीत की घोषणा होने से पहले मैं कुछ ही कहूंगा क्योंकि यह नियमों के खिलाफ है।”

भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती भले ही इस बार चुनावी मैदान में नहीं हैं, लेकिन पार्टी के लिए जमकर प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि फिलहाल वे चुनावों में हिस्सा नहीं लेंगे, लेकिन पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। अभिनेता लगातार मंचों से टीएमसी पर जमकर निशाना साध रहे हैं। उन्होंने हाल ही में एक आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर बंगाल में दोबारा टीएमसी आ जाती है तो उनका और बाकी हिंदुओं का बंगाल में रहना मुश्किल हो जाएगा और उन्हें अपने रहने के लिए दूसरी जगह ढूंढनी पड़ेगी।

अपने हालिया बयान में अभिनेता ने टीएमसी पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया था। बंगाल में ‘मछली-मांस बंद’ करने के आरोपों को खारिज करते हुए अभिनेता ने कहा कि देश के कई राज्य हैं, जहां मछली-मांस खाया जा रहा है। देश में विशेष और धार्मिक पशु गाय के मांस को बेचने और खाने पर पाबंदी है। किसी भी राज्य में मछली-मांस खाने पर कोई भी प्रतिबंध नहीं है। टीएमसी के पास कोई और तरीका नहीं बचा है और वे अब भ्रामक प्रचार फैलाकर जनता को परेशान करना चाहती है।