SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पश्चिम बंगाल के घाटाल में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए...

पश्चिम बंगाल के घाटाल में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह तैयार : शीतल कपट

0
2

घाटाल, 6 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के घाटाल में हर साल की तरह इस साल भी बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ प्रभावित इलाका होने के कारण यहां के लोगों को हर मानसून में जलभराव और बाढ़ की समस्या का सामना करना पड़ता है। इस बीच घाटाल की बाढ़ की स्थिति और मुख्यमंत्री के साथ हुई बातचीत को लेकर भाजपा विधायक शीतल कपट ने यह जानकारी दी है।

भाजपा विधायक शीतल कपट ने आईएएनएस से कहा, “घाटाल में हर साल बाढ़ आती है क्योंकि यह बाढ़-प्रवण इलाका है। पिछली सरकारें घाटाल पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाईं लेकिन मौजूदा सरकार ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में सभी जरूरी तैयारियां कर ली गई हैं।”

शीतल कपट ने कहा कि पिछली सरकारों ने घाटाल मास्टर प्लान को लेकर सिर्फ वादे किए लेकिन जमीनी स्तर पर काम नहीं हुआ। इसकी वजह से आज भी घाटाल के लोगों को बाढ़ का दंश झेलना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों ने घाटाल की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया और सिर्फ घोटालों में उलझी रहीं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्थिति को संभालने के लिए सभी अधिकारियों को काम पर लगा दिया गया है और हर तरह की तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा, “हम लोग भी हर तरह से परीक्षा देने के लिए तैयार हैं। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि अगर 100 प्रतिशत नहीं तो 98 प्रतिशत हम लोग इस स्थिति को संभाल लेंगे। ऐसी परिस्थिति बनाई गई है।”

विधायक ने बताया कि इसे लेकर टीम के साथ तीन महीने पहले ही बैठक हो चुकी थी और दो-तीन दिन पहले जो रिपोर्ट आई है उसमें भी मुख्यमंत्री ने खुद जानकारी ली है कि कहां-कहां राहत देनी है और क्या स्थिति है, इन सभी बिंदुओं पर चर्चा हुई है।

उन्होंने कहा कि हम लोग हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं और जनता के साथ खड़े हैं। घाटाल के लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है और बाढ़ से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।