पटना, 11 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ आपराधिक गिरोह के लोग गायघाट के पास रंगदारी मांगने की नियत से इकट्ठा हुए हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की एक टीम सुबह गायघाट इलाके में पहुंच गई और संबंधित पूरे इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को फंसा देख अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद अधिकारियों ने मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह गिर गया। उसे तुरंत पकड़ लिया गया। घायल अपराधी की पहचान राजीव कुमार उर्फ सूर्या डॉन के रूप में की गई है। पटना (ईस्ट) के पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि घटनास्थल से एक देसी कट्टा, एक जिन्दा कारतूस तथा एक खोखा बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, सूर्या लंबे समय से वॉन्टेड था और उसके खिलाफ लूट, डकैती, अवैध हथियार, धोखाधड़ी और रंगदारी समेत दो दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं। वह पटना के खाजेकलां इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। पटना (ईस्ट) के पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि घायल अपराधी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया है। घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
इस मामले की एक प्राथमिकी आलमगंज थाना में दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि राजधानी पटना और आस-पास के जिलों में पुलिस और एसटीएफ की सक्रियता बढ़ गई है। कुख्यात अपराधियों के खिलाफ लगातार ऑपरेशंस चल रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिन पर गंभीर आरोप हैं, उन पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जानकारी मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
–आईएएनएस
एमएनपी/एएस

