Thursday, August 6, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति बिहार विधान परिषद के लिए मनोनीत होने पर दीपक प्रकाश बोले- जिम्मेदारी...

बिहार विधान परिषद के लिए मनोनीत होने पर दीपक प्रकाश बोले- जिम्मेदारी को प्रतिबद्धता के साथ निभाऊंगा

0
5

पटना, 5 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने राज्यपाल द्वारा विधान परिषद के लिए मनोनीत किए जाने के बाद पहली प्रतिक्रिया दी। दीपक प्रकाश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित एनडीए के सभी सहयोगी दलों के नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिली नई जिम्मेदारी उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और वह पहले से अधिक प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा करेंगे।

दीपक प्रकाश ने कहा कि वह सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और एनडीए गठबंधन के सभी नेताओं का धन्यवाद व्यक्त करना चाहते हैं। उन्हें जो नई जिम्मेदारी मिली है, उस पर पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। पंचायती राज विभाग के मंत्री के रूप में जिस जवाबदेही के साथ अब तक कार्य कर रहे थे, अब उसी जिम्मेदारी को और अधिक मजबूती तथा समर्पण के साथ निभाएंगे।

विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों और नैतिकता के आधार पर उनके इस्तीफे की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपक प्रकाश ने कहा कि अब उन सभी बातों का कोई औचित्य नहीं रह गया है। अब सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और जो भी बातें पहले कही जा रही थीं, वे अब अप्रासंगिक हो गई हैं। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्हें और अधिक समर्पण तथा प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिली है।

जब उनसे पूछा गया कि यह मामला अदालत तक पहुंचा था और न्यायालय ने सरकार से जवाब भी मांगा था, तो उन्होंने कहा कि मामला जरूर था, लेकिन अब वह इतिहास की बात हो चुकी है। अब उन मुद्दों का कोई औचित्य नहीं बचा है और वह पूरी तरह अपने दायित्वों के निर्वहन पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

मंत्री पद पर आगे भी बने रहने को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपक प्रकाश ने स्पष्ट कहा कि वह पूरी मजबूती के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के प्रति उनकी जो जवाबदेही है, उसे पहले से अधिक मजबूती और पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाना ही उनकी प्राथमिकता रहेगी।