SGSU Advertisement
Home खेल पहला टेस्ट: साउथ अफ्रीका को मिला 421 रन का टारगेट, जीत से...

पहला टेस्ट: साउथ अफ्रीका को मिला 421 रन का टारगेट, जीत से 6 विकेट से दूर ऑस्ट्रेलिया

0
6

डरबन, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलियाई टीम किंग्समीड में जारी टेस्ट सीरीज के पहले मैच में जीत से महज 6 विकेट दूर है। मेजबान टीम के सामने 421 रनों का विशाल लक्ष्य रखने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन की समाप्ति तक साउथ अफ्रीका के 4 विकेट हासिल कर लिए हैं। यहां से मेजबान टीम जीत से 319 रन दूर है।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहली पारी में 390 रन बनाए। इस पारी को मैट रैनेशॉ ने संवारा, जिन्होंने 397 गेंदों का सामना करते हुए 1 छक्के और 21 चौकों के साथ 190 रन की पारी खेली। इनके अलावा, कप्तान पैट कमिंस ने 43 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। मार्नस लाबुशेन ने 37 रन मेहमानों के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से वियान मुल्डर ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि मार्को जानसेन ने 3 विकेट अपने नाम किए।

इसके जवाब में साउथ अफ्रीका पहली पारी में सिर्फ 284 रन पर ढेर हो गई। इस दौरान डेविड बेडिंगहम ने सर्वाधिक 49 रन बनाए, जबकि एडेन मार्करम ने 37 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, साइमन हार्मर 35 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कप्तान पैट कमिंस ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन ने 2-2 विकेट चटकाए।

ऑस्ट्रेलिया के पास पहली पारी के आधार पर 106 रन की बढ़त थी। इस टीम ने अपनी दूसरी पारी 314/6 के स्कोर पर घोषित करते हुए विपक्षी टीम को जीत के लिए 421 रन का विशाल टारगेट दिया है।

निक मैडिसन और ट्रेविस हेड की जोड़ी के बीच ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में पहले विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी हुई। मैडिसन 48 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद मैट रेनेशॉ ने 82 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, मार्नस लाबुशेन ने 37 रन जोड़े। विपक्षी खेमे से एनरिक नॉर्त्जे और केशव महाराज को 2-2 सफलताएं हाथ लगीं।

इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम ने चौथे दिन की समाप्ति तक 41 ओवरों का सामना करते हुए 4 विकेट खोकर 102 रन बनाए। इस टीम को 7 के स्कोर पर रयान रिकेल्टन (2) के रूप में पहला झटका लग गया था। इसके बाद एडेन मार्करम ने मोर्चा संभाला। उन्होंने डेविड बेडिंगहम के साथ दूसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की।

बेडिंगहम 8 चौकों के साथ 46 रन बनाकर आउट हुए। टीम को 73 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा, जिसके बाद साउथ अफ्रीकी खेमा लड़खड़ा गया। आलम ये रहा कि 86 रन तक चार विकेट गिर गए। हालांकि, दिन की समाप्ति तक मार्करम 115 गेंदों का सामना करते हुए 45 रन बनाकर नाबाद थे। वह इस पारी में 7 चौके लगा चुके हैं। जोश हेजलवुड ने 2 विकेट हासिल किए हैं, जबकि पैट कमिंस और मैट रेनेशॉ ने 1-1 विकेट चटकाया है।