Tuesday, May 26, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति पेट्रोल-डीजल-सीएनजी महंगे होने पर कांग्रेस हमलावर, सरकार पर महंगाई काबू न करने...

पेट्रोल-डीजल-सीएनजी महंगे होने पर कांग्रेस हमलावर, सरकार पर महंगाई काबू न करने का आरोप

0
6

नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। देश में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार पर हमलावर है और आरोप लगा रही है कि सरकार महंगाई पर काबू पाने में पूरी तरह नाकाम है।

कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “बहुत पहले ही कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी ने मांग की थी कि इन संकटों पर संसद में चर्चा होनी चाहिए। लेकिन सरकार का जवाब सिर्फ ‘सब चंगा है’ रहा। अब हर दिन पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतें बढ़ रही हैं। यह केवल ईंधन की महंगाई नहीं है, बल्कि इससे खाद्य क्षेत्र, कृषि, मछली पालन, होटल और परिवहन जैसा हर क्षेत्र प्रभावित हो रहा है। सरकार के पास किसी भी समस्या का कोई ठोस समाधान या योजना नहीं है। वे विपक्षी दलों से चर्चा भी नहीं करते। संसद सत्र में भी इस मुद्दे पर बहस नहीं हुई। अब हालात पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गए हैं।”

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने मुक्तसर साहिब से कहा, “आज जनता वोट डालने जा रही है तो सिर्फ एक संदेश देने के लिए कि हालात बहुत खराब हो गए हैं। आम लोगों की कमर महंगाई ने तोड़ दी है। उनके पास गाड़ी चलाने और ईंधन भरने के पैसे नहीं बचे हैं। सरकार की नीतियों ने आम आदमी की जिंदगी बेहाल कर दी है।”

कांग्रेस वरिष्ठ नेता बी.के. हरिप्रसाद ने कहा, “महंगाई आसमान छू रही है। भाजपा सरकार इस मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। देश के शीर्ष पद पर बैठे लोग हर दो-तीन दिन में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा रहे हैं। सरकार चर्चा से भाग रही है और जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।”

कांग्रेस का आरोप है कि मध्य-पूर्व संकट का हवाला देकर सरकार आम जनता पर बोझ डाल रही है। पार्टी ने मांग की है कि केंद्र सरकार तुरंत कीमतों में राहत दे और संसद में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा करे।