मनीला, 9 अगस्त (आईएएनएस)। फिलीपींस में भारत के राजदूत हर्ष कुमार जैन ने अकलान प्रांत के अपने जारी दौरे के दौरान कलिबो स्थित अति-अतिहान संग्रहालय, म्यूजियो इट अकेन और हाबोएन वीविंग स्टूडियो एंड कैफेका दौरा किया।
फिलीपींस स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। इस दौरे की कुछ तस्वीरें साझा की। पोस्ट में लिखा, ” इन यात्राओं के दौरान राजदूत जैन को अकलान की समृद्ध और जीवंत सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिला। उन्होंने अति-अतिहान महोत्सव की परंपराओं, म्यूजियो इट अकेन में संरक्षित स्थानीय और स्वदेशी हस्तशिल्प तथा पीना बुनाई की सदियों पुरानी कला के बारे में जानकारी ली।”
दौरे के दौरान आंतरिक एवं स्थानीय शासन विभाग (डीआईएलजी) के क्षेत्रीय निदेशक जुआन जोवियन इंजेनिएरो और नुमानसिया नगरपालिका की उप महापौर मारिएल सिएलो कोचिंग भी राजदूत जैन के साथ मौजूद रहीं।
बता दें, पीना बुनाई अकलान की प्रमुख पारंपरिक कलाओं में से एक है, जिसमें अनानास के रेशों से महीन कपड़ा तैयार किया जाता है। यह कला फिलीपींस की सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय कारीगरों की पीढ़ियों से चली आ रही कुशलता को दर्शाती है।
राजदूत का यह दौरा भारत और फिलीपींस के बीच लोगों के बीच संपर्क तथा दोनों देशों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के आदान-प्रदान को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भारत-फिलीपींस के रणनीतिक संबंध काफी पुराने हैं। हाल ही में दोनों देशों ने अपने संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ तक उन्नत किया। रक्षा (ब्रह्मोस मिसाइल सौदा), समुद्री सुरक्षा, और 3.5 अरब डॉलर से अधिक के द्विपक्षीय व्यापार के साथ दोनों देश हिंद-प्रशांत क्षेत्र में मजबूत साझेदार हैं। भारत की सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस का पहला विदेशी खरीदार फिलीपींस है।
हाल ही में आईएएनएस न्यूज एजेंसी से बात करते हुए फिलीपींस के भारत में राजदूत जोसेल एफ इग्नासियो ने कहा था कि इस वक्त दोनों देशों के संबंध सबसे अच्छे दौर में हैं और इन्हें आगे और बेहतर बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा, “आर्थिक क्षेत्र में भी हमारा व्यापार लगातार बढ़ रहा है। साल 2023 में हमने तीन अरब अमेरिकी डॉलर का आंकड़ा पार किया और अब चार अरब डॉलर की ओर बढ़ रहे हैं। एक दशक से ज्यादा समय बाद दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें फिर शुरू हुई हैं। इससे दोनों तरफ पर्यटन में भी अच्छी बढ़ोतरी हो रही है। फिलीपींस ने भारतीयों के लिए वीजा नियम आसान कर दिए हैं। अब भारतीय नागरिक पर्यटन या छोटे कारोबारी दौरे के लिए 14 दिनों तक बिना वीजा के फिलीपींस जा सकते हैं। ये सभी बातें दिखाती हैं कि हमारे रिश्ते काफी मजबूत हैं और आगे इन्हें और आगे बढ़ाने की अच्छी नींव तैयार हो चुकी है।”

