SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पिनराई विजयन को ईडी का समन; बैंक खातों, संपत्तियों और निवेश का...

पिनराई विजयन को ईडी का समन; बैंक खातों, संपत्तियों और निवेश का ब्योरा मांगा

0
7

तिरुवनंतपुरम, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को समन जारी कर उनके बैंक खातों, सावधि जमा (एफडी), चल-अचल संपत्तियों और निवेश से संबंधित जानकारी मांगी है। अधिकारियों के उनके तिरुवनंतपुरम स्थित आवास पर पहुंचने के समय विजयन वहां मौजूद नहीं थे। उनके कर्मचारियों ने उनकी ओर से नोटिस स्वीकार करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद अधिकारियों ने आवास परिसर में नोटिस चस्पा कर दिया।

समन में पिनराई विजयन और उनसे जुड़ी संस्थाओं के भारत तथा विदेशों में संचालित सभी बैंक खातों और सावधि जमा का विवरण मांगा गया है। इसके अलावा, उनकी और उनसे जुड़ी संस्थाओं की भारत तथा विदेशों में मौजूद चल-अचल संपत्तियों, बैंक लॉकरों और उनसे संबंधित दस्तावेजों की जानकारी भी मांगी गई है।

ईडी ने वित्त वर्ष 2016-17 से 2025-26 तक दाखिल किए गए आयकर रिटर्न (आईटीआर) की प्रतियां भी उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही, विजयन और उनके परिवार के सदस्यों से जुड़ी संस्थाओं, उनमें किए गए निवेश तथा भारत और विदेशों में उनके कारोबारी संबंधों का विवरण मांगा गया है।

समन में कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल), शशिधर कार्था या इस कंपनी से जुड़े किसी अन्य व्यक्ति से पिनराई विजयन, उनके परिवार के सदस्यों अथवा उनसे जुड़े किसी व्यक्ति को प्राप्त धनराशि का ब्योरा देने को भी कहा गया है।

इसके अलावा, धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 50 के तहत दर्ज बयान में संशोधन करने के लिए भी कहा गया है।

अधिकारियों के अनुसार, विजयन के आवास पर समन तामील कराने के लिए पहुंचने के समय वह वहां मौजूद नहीं थे। कर्मचारियों द्वारा उनकी ओर से नोटिस लेने से इनकार किए जाने के बाद अधिकारियों ने उनके आवास परिसर में नोटिस चस्पा कर दिया।