Saturday, June 13, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पीएम मोदी के एआई विजन की सर्वम एआई के को-फाउंडर ने की...

पीएम मोदी के एआई विजन की सर्वम एआई के को-फाउंडर ने की सराहना

0
24

नई दिल्ली, 17 फरवरी (आईएएनएस)। सर्वम एआई के को-फाउंडर प्रत्यूष कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के विजन को लेकर सराहना की है। ‘मोदी स्टोरी’ में साझा किए गए अपने अनुभव में उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ हुई मुलाकात की झलकियां साझा करते हुए कहा कि पीएम मोदी तकनीक को केवल नवाचार नहीं, बल्कि जन-कल्याण का साधन मानते हैं।

प्रत्यूष कुमार ने बताया कि बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि भारत में एआई केवल संभावनाओं की चर्चा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका ठोस और मापनीय प्रभाव दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भारत को एआई के क्षेत्र में “पॉजिटिव अडॉप्टर” के रूप में देखते हैं, जहां तकनीक का उपयोग आम नागरिक के जीवन को बेहतर बनाने के लिए किया जाता है।

उन्होंने यह भी साझा किया कि पीएम मोदी ने एआई मिशन को बड़े पैमाने पर आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। प्रधानमंत्री का मानना है कि भारत को वैश्विक एआई विमर्श के केंद्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करानी चाहिए। उनका लक्ष्य केवल भारत में एआई से जुड़े आयोजन करना नहीं, बल्कि इसे “भारत का आयोजन” बनाना है, जहां समाधान भारत की जरूरतों के अनुरूप विकसित हों।

प्रत्यूष कुमार के अनुसार, प्रधानमंत्री ने डिजिटल इंडिया, यूपीआई और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर जैसे उदाहरणों का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म ने योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाया, उसी तरह एआई भी सीधे नागरिकों तक ज्ञान और सेवाएं पहुंचा सकता है। किसान फसल संबंधी सलाह ले सकें और छात्र व्यक्तिगत शिक्षण सहायता पा सके, ऐसी संभावनाओं पर विशेष बल दिया गया।

उन्होंने कहा कि एआई इम्पैक्ट समिट भारत की उस सोच का प्रतीक है, जिसमें तकनीक को व्यापक स्तर पर लागू कर समाज को वास्तविक लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है। यह पहल नवाचार को बढ़ावा देने, पहुंच का विस्तार करने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता को जनहित से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।