कोलकाता, 16 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पश्चिम बंगाल में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को सभी से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा के सम्मान और उनकी लंबी उम्र की कामना के लिए शाम 6 बजे से 7 बजे के बीच ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुभ जन्मदिन है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने से लेकर भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर सेवा करने तक, मोदी जी की जन-सेवा और राष्ट्र-सेवा की शानदार 25 साल की यात्रा 7 अक्टूबर को पूरी होगी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होने जा रहा है।”
उन्होंने घोषणा करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए ईश्वर से प्रार्थना की जाएगी, ताकि वे कई और वर्षों तक खुद को राष्ट्र की सेवा में समर्पित रख सकें।”
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मोदी जी की लंबे समय से चली आ रही जनसेवा के सम्मान और उनकी लंबी उम्र की कामना के लिए, आइए आज शाम 6 बजे से 7 बजे के बीच हर घर, संस्थान, मठ और मंदिर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएं। आइए प्यार, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के साथ इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाएं और सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के अपने संकल्प को और मजबूत करें।
वहीं, पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सभी से शाम 7 बजे दीपक जलाने की अपील की। भट्टाचार्य ने सभी से अपील की है कि वे शाम 7 बजे अपने घरों में दीपक जलाएं, प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करें। उन्होंने बंगाल के विकास के लिए सुवेंदु अधिकारी की ओर से शुरू की जा रही नई पहलों की श्रृंखला में जनता के सहयोग की भी अपील की।
इस बीच, बंगाल में दो सीटों के लिए होने वाले उपचुनावों के बारे में उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जोर देकर कहा कि चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्ण माहौल में कराए जाएंगे।
