पीएम मोदी के नेतृत्व में बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनेगी: मंगल पांडे

0
5

पटना, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद बुधवार को आए एग्जिट पोल पर बिहार से एनडीए नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी। मंगल पांडे ने दावा किया कि 4 मई को पश्चिम बंगाल में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनना तय है और वहां डबल इंजन की सरकार बनेगी।

बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पांडे ने कहा कि बंगाल की जनता ने दोनों चरणों में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर भारी संख्या में वोटिंग की, जो साफ संकेत है कि जनता ममता बनर्जी की निर्मम सरकार को उखाड़ फेंकना चाहती है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता बदलाव चाहती है और ममता बनर्जी के खिलाफ काफी आक्रोश है। असम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पिछले दो कार्यकाल में राज्य को विकास की राह पर बहुत आगे बढ़ाया है।

पांडे ने विश्वास जताया कि असम की जनता तीसरी बार भी भाजपा को मौका देगी और 4 मई को फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।

बिहार में कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए मंगल पांडे ने कहा कि सीवान रोड रेज मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने साफ संदेश दिया कि अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। अपराधी या तो अपराध छोड़ दें या बिहार छोड़कर भाग जाएं, क्योंकि अब कोई तीसरा रास्ता नहीं बचा है।

लोजपा (रामविलास) नेता राजू तिवारी ने कहा कि असम में भाजपा की सरकार थी, पूरा विश्वास है कि बंगाल में भी सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, भाजपा के लिए जनता के दिलों में प्रेम भी दिखा है और वहां भाजपा की सरकार बनना जरूरी है। कानून व्यव्स्था के मुद्दे पर राजू तिवारी ने कहा कि अपराधियों से सख्ती से निपटा जाएगा।

जदयू नेता उमेश कुशवाहा ने कहा कि माहौल तो एनडीए के पक्ष में ही है। एग्जिट पोल पर कुछ भी कहना अभी जल्दबाजी हो सकती है। हम लोगों ने बंगाल चुनाव को देखा है, जनता बदलाव चाहती है, ममता बनर्जी के खिलाफ भारी गुस्सा था। बिहार की कानून व्यवस्था पर कहा कि कोई कानून हाथ में लेगा तो बख्शा नहीं जाएगा।