नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन समेत कई बड़े नेताओं ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि ‘प्रधान सेवक’ के तौर पर नरेंद्र मोदी की यात्रा ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ समावेशी विकास के विजन को एक राष्ट्रव्यापी मिशन में बदल दिया है।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “सरकार के प्रमुख के तौर पर देश की सेवा के 25 साल पूरे करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। ‘प्रधान सेवक’ के तौर पर आपकी यात्रा ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ समावेशी विकास के विजन को एक राष्ट्रव्यापी मिशन में बदल दिया है।”
उन्होंने आगे लिखा, “विभिन्न राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों की अपनी यात्राओं के दौरान, मैंने बेहतर कनेक्टिविटी, डिजिटल प्रगति, बढ़ते अवसरों और समावेशी विकास के माध्यम से भारत में स्पष्ट बदलाव देखा है। आपके दूरदर्शी नेतृत्व की सबसे बड़ी उपलब्धि 25 करोड़ लोगों को घोर गरीबी से बाहर निकालना है। यह एक ऐसी ऐतिहासिक उपलब्धि है जिसे मानव इतिहास कभी नहीं भूल सकता।”
उपराष्ट्रपति ने कामना की कि ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य, खुशी और शक्ति प्रदान करें ताकि आप 2047 तक समावेशी, समृद्ध और विकसित भारत की यात्रा में देश की सेवा करते रहें।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी की 25 वर्ष की यह यात्रा जनसेवा की साधना, राष्ट्र आराधना के भाव और भारत के उत्कर्ष को समर्पित एक अखंड संकल्प की यात्रा है।
उन्होंने पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री के जीवन का प्रत्येक दिन भारत माता के वैभव को समर्पित रहा है। गुजरात की पुण्यभूमि से प्रवाहित हुई जनसेवा की यह धारा आज हिमालय से सागर तक भारत के जन-मन को स्पर्श कर रही है। गांव, गरीब, किसान, युवा और नारी शक्ति के जीवन में आया परिवर्तन राष्ट्र के नवजागरण की एक सुंदर गाथा रच रहा है।”
रेखा गुप्ता ने पोस्ट किया, “इन 25 वर्षों में आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने सेवा को संस्कार, कर्तव्य को साधना और राष्ट्रहित को जीवन का ध्येय बनाया है। उन्होंने भारत के आत्मविश्वास को जागृत किया, हमारी सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा दी और प्रत्येक भारतीय के हृदय में विकसित एवं वैभवशाली भारत का संकल्प प्रबल किया। आज 25 वर्षों की यह राष्ट्र-साधना विकसित भारत के विराट संकल्प के साथ एक नए युग की ओर अग्रसर है।”
उन्होंने यह भी कहा कि जनसेवा और राष्ट्र आराधना के इन यशस्वी 25 वर्षों की प्रधानमंत्री मोदी जी को हृदय से बधाई। भारत माता के परम वैभव का उनका संकल्प निरंतर सिद्धि की ओर बढ़ता रहे, यही मंगलकामना है।
मणिपुर के मुख्यमंत्री खेमचंद युमनाम ने पोस्ट में लिखा, “7 अक्टूबर 2001 से गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर सेवा करने से लेकर 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करने तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की समर्पित जन-सेवा की 25 वर्षों की असाधारण यात्रा है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता, 2047 तक ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत’ के हमारे सामूहिक संकल्प को प्रेरित करती रहती है।”
राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने पोस्ट किया, “मोदी जी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर भारत के प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों की यह यात्रा जनसेवा और समर्पण की मिसाल है। हर सांस देश के नाम करने वाले प्रधानमंत्री जी को 25 साल के बेमिसाल कार्यकाल की बधाई।”
