नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। मध्य पूर्व में संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से की गई अपील पर नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का स्पष्ट कहना है कि संयम के साथ इस संकट के समाधान के लिए समाज और सरकार मिलकर सामना करें। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पैनिक सिचुएशन करने में लगे हुए हैं। सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व इस संकट का सामना कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सबको संयम और संवेदनशीलता के साथ इस संकट के समाधान का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा वक्त संकट का है। जो देश खुद को विश्व की आर्थिक शक्ति बताते थे वे भी हिले हुए हैं।
कर्नाटक में हिजाब विवाद पर मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हमारा देश अनेकता में एकता का है। हिजाब कभी भी भारत में अनिवार्य नहीं रहा। उन्होंने कहा कि कहीं घुंघट है तो कहीं हिजाब का इस्तेमाल होता है। मेरा मानना है कि सरकारी प्रतिबंध या सरकार की ओर से रियायत मिले, इसकी कोई जरूरत नहीं है।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने पीएम मोदी की अपील पर कहा कि पीएम मोदी देश के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। वैश्विक स्तर पर हो रहे घटनाक्रम को देखते हुए भारत को अपनी तैयारी बनाकर रखनी चाहिए। इस सोच के साथ प्रधानमंत्री ने जो देश से अपील की है, उसके तहत पीएम मोदी और सीएम योगी ने अपने काफिले की गाड़ियों में कटौती कर बताने की कोशिश की है कि देश के विकास में बराबर की सहभागिता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बुधवार को दो गाड़ियों के साथ चले और सीएम योगी ने अपने काफिले की 50 प्रतिशत गाड़ियों को कम कर दिया है। पीएम मोदी की अपील पर पूरा देश एकजुटता के साथ खड़ा है। देश के सार्थक विकास में यूपी की भी सार्थक भूमिका की कोशिश की जा रही है।
पीएम मोदी की अपील पर राजद के पूर्व सांसद मोहम्मद अली अशरफ फातमी ने कहा कि ऐसा सिर्फ एक बार नहीं, बल्कि कई बार हुआ है, लेकिन इसे इस तरह से नहीं निपटाया जाता है। अगर कस्टम ड्यूटी थोड़ी पहले बढ़ा दी गई होती तो अचानक इतना दबाव नहीं बनता, और आज आपातकाल जैसी स्थिति पैदा नहीं होती।
पीएम मोदी की अपील के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के बुलेट से चलने पर शिवसेना (यूबीटी) के एमएलसी अंबादास दानवे ने इसे नाटकबाजी कहा है। उन्होंने कहा कि सही उपाय की तलाश करनी चाहिए। एक बार बुलेट से आने से ये सवाल पीछा नहीं छोड़ेगा।
एनसीपी एमएलसी जीशान सिद्दीकी ने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से की गई अपील को सभी को सुनना चाहिए। ज्यादा से ज्यादा ईंधन बचाना चाहिए। पीएम मोदी की अपील पर हम सब को अमल करना चाहिए। बड़े नेता पालन कर रहे हैं, हम सब भी पीएम मोदी की अपील का पालन करेंगे।
उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पीएम मोदी की फ्यूल और एनर्जी बचाने की अपील देश के हित में है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता को आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता के लिए ईंधन का गैर-जरूरी इस्तेमाल कम करने के लिए बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। हमने भी पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि जितना हो सके डीजल की बचत करें। पीएम मोदी की ओर से कही गई बातों का हम सबको पालन करना है।
पीएम मोदी की ओर से नागरिकों से ईंधन बचाने और सोने की खरीदारी से बचने की अपील को लेकर केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि अब यह जरूरी है। न केवल हमारे प्रधानमंत्री ने, बल्कि मुझे लगता है कि दो दिन पहले सिंगापुर के प्रधानमंत्री ने भी सिंगापुर की जनता को संबोधित किया था। अब सबसे मुश्किल दिन आने वाले हैं, और इसके लिए हमें तैयार रहना होगा। इसी संदर्भ में प्रधानमंत्री ने भी सारी जानकारी हासिल करने के बाद भविष्य कैसा होगा और यह भू-राजनीतिक मुद्दा क्या रूप लेगा यह फैसला लिया है। उन्होंने लोगों से सरकार के साथ सहयोग करने का आग्रह किया है। इसमें लोग भी सहयोग कर रहे हैं, लेकिन बस एक ही बात है कि विपक्ष के लोगों ने प्रधानमंत्री के इस आग्रह को बहुत हल्के में लिया है।

