पीएम मोदी को एफएओ का सर्वोच्च सम्मान ‘एग्रीकोला मेडल’ मिलना भारत और भारतीय कृषि क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि: एसोचैम

0
3

नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र की संस्था फूड एंड एग्रीकल्चर ऑर्गेनाइजेशन (एफएओ) द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सर्वोच्च सम्मान ‘एग्रीकोला मेडल’ दिए जाने पर देशभर में खुशी जताई जा रही है। उद्योग संगठन एसोचैम के मुख्य अर्थशास्त्री एसपी शर्मा ने इसे भारत और भारतीय कृषि क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।

न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए एसपी शर्मा ने कहा कि यह बेहद गर्व की बात है कि एफएओ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान ‘एग्रीकोला मेडल’ से सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि भारत में कृषि क्षेत्र में हुए बड़े बदलाव अब वैश्विक स्तर पर दिखाई देने लगे हैं। खाद्य सुरक्षा, पोषण सुरक्षा और ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए भारत ने जिस तरह से काम किया है, उसकी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना हो रही है।

उन्होंने आगे कहा कि एफएओ का यह सर्वोच्च सम्मान भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को और मजबूत करेगा। एसपी शर्मा ने कहा कि यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री मोदी के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश और भारतीय कृषि व्यवस्था के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लागू की गई कृषि नीतियों और सुधारों का असर अब साफ दिखाई दे रहा है और भारत वैश्विक कृषि बाजार में मजबूत पहचान बना रहा है।

एसपी शर्मा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में सरकार ने कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए कई बड़े फैसले लिए हैं। इन नीतियों का असर अब देश की अर्थव्यवस्था और कृषि विकास दोनों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक तकनीक अपनाने और कृषि उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने पर सरकार का विशेष ध्यान रहा है।

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एफएओ के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किए जाने पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कई देशों द्वारा सर्वोच्च पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है, और वे दुनिया के सबसे सम्मानित जननेता हैं।

चौहान ने आगे कहा कि खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यूएन की संस्था एफएओ द्वारा यह सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। प्रधानमंत्री ने खाद्य सुरक्षा में भारत की नहीं, बल्कि दुनिया की चिंता की है। इसके साथ ही, इस सम्मान के जरिए प्रधानमंत्री के देश के कृषि उत्पादन और गुणवत्ता को बढ़ाने और रिसर्च आदि की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिली है।

वहीं, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी इसको लेकर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश का भविष्य बेहद उज्ज्वल है।

केंद्रीय मंत्री ने मीडिया से बात करते हुए आगे कहा कि भारत के पास अपार क्षमता है और हर भारतीय में इतनी ताकत है कि मौजूदा वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश के लोगों में किसी तरह का डर या कमजोरी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया विदेश यात्रा बेहद सफल रही, जहां उन्हें तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिले।

गोयल ने कहा कि एफएओ का यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के किसानों के लिए बड़े स्तर पर काम किया है और वह किसानों के लिए किसी मसीहा की तरह उभरे हैं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में किए गए सुधारों और किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों को अब वैश्विक स्तर पर भी पहचान मिल रही है।