नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह राजधानी दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर में दर्शन किए हैं। आज सरकार के प्रमुख के तौर पर उनके देश सेवा के 25 साल पूरे हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गणपति पूजा कराने वाले पुजारी नरेश चंद्र भट्ट ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि पीएम मोदी आए बहुत अच्छा लगा। मुझे पता भी नहीं था कि वे आ रहे हैं लेकिन यह हमारे लिए बहुत हैरानी की बात थी। सबसे पहले, वे यहां आए और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। उसके बाद, वे नवग्रहों के पास गए और अर्चना की। फिर वे वापस आए और भगवान हनुमान के सामने अर्चना और अन्य अनुष्ठान किए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नवग्रह पूजा कराने वाले पुजारी मनीष मिश्रा समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री जैसे ही मंदिर में आए सबसे पहले गणेश की पूजा की। पूरे दिल्ली में यहीं एक मंदिर है जहां गणेश अपनी दोनों पत्नी के साथ विराजमान हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी पूजा की। उसके बाद हनुमान और नवग्रह की पूजा करके शिव की पूजा की और आरती कर उनकी परिक्रमा की। जब से हम यहां रह रहे हैं तब से पहली बार इस मंदिर में प्रधानमंत्री को आते देखा। हमारा मंदिर साउथ इंडिया से जुड़ा हुआ है। पीएम मोदी आज देश के कल्याण का संकल्प लेकर यहां आए थे और उसी संकल्प के साथ पूजा की। उनका मुख्य उद्देश्य देश का कल्याण सुनिश्चित करना है। बिनोद शुक्ला ने बताया कि हम लोगों को अच्छा लगा उनके पास समय कम था, इसलिए जल्दी मंदिर से चले गए।
बता दें कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। आजादी के बाद पैदा होने वाले पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 में केंद्र की सत्ता पर काबिज हुए। उन्होंने 2014 से 2019 और 2019 से 2024 तक प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल पूरा किया। 2024 के संसदीय चुनावों में एक और निर्णायक जीत के बाद नरेंद्र मोदी ने 9 जून 2024 को तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली।
उन्हें अक्टूबर 2001 से मई 2014 तक के अपने कार्यकाल के साथ गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री होने का गौरव भी प्राप्त है। इस तरह पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और अब भारत के प्रधानमंत्री के रूप में वे 12 साल से जनसेवा कर रहे हैं।
इससे पहले, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सरकार के प्रमुख के तौर पर लगातार 25 वर्षों तक नेतृत्व करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए एक प्रस्ताव पारित किया। यह केवल एक औपचारिक सम्मान नहीं है बल्कि ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘नागरिक प्रथम’ के सिद्धांतों से प्रेरित पीएम मोदी की असाधारण यात्रा का जश्न है।
