Sunday, May 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पीएम मोदी ने किया डिब्रूगढ़ के चाय बागान का दौरा, महिला श्रमिकों...

पीएम मोदी ने किया डिब्रूगढ़ के चाय बागान का दौरा, महिला श्रमिकों के साथ खुद भी चुनी पत्तियां

0
20

डिब्रूगढ़, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने असम दौरे के दौरान डिब्रूगढ़ के एक चाय बागान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां काम कर रही महिलाओं से मुलाकात की और उनके साथ बातचीत की। पीएम मोदी ने खुद भी चाय की पत्तियां चुनी और इस अनुभव को बेहद यादगार बताया।

पीएम मोदी ने डिब्रूगढ़ में चाय के बागान में बिताए समय की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “चाय असम की आत्मा है! यहां की चाय ने पूरी दुनिया में अपनी जगह बनाई है। हमें चाय बागान के हर एक परिवार के प्रयासों पर बहुत गर्व है। उनकी कड़ी मेहनत और लगन ने असम का गौरव बढ़ाया है।”

उन्होंने आगे लिखा कि उन्होंने सुबह डिब्रूगढ़ के इस चाय बगान में जाकर वहां काम कर रही महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने इस अनुभव को बेहद यादगार बताया। पीएम मोदी ने सभी चाय बगान परिवारों की मेहनत और लगन की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इन लोगों की मेहनत ने असम का नाम पूरे देश और दुनिया में ऊंचा किया है।

पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में बगान में महिलाओं के साथ बिताए कुछ पलों की झलकियां भी साझा की हैं। उन्होंने बताया कि चाय की पत्तियां तोड़ने के बाद महिलाओं ने उन्हें अपनी संस्कृति के बारे में भी बताया और उन्हें फोटो खिंचवाने का मौका भी मिला। पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं के साथ सेल्फी लेना उनके लिए एक यादगार अनुभव रहा।

डिब्रूगढ़ का चाय बागान असम की प्रमुख पहचान है। यहां काम करने वाले लोग, खासकर महिलाएं, सुबह से शाम तक मेहनत करते हैं ताकि असम की चाय विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाए रख सके। पीएम मोदी ने इस मेहनत की सराहना की और कहा कि यह मेहनत सिर्फ चाय बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह असम की संस्कृति, परंपरा और समर्पण को भी दुनिया तक पहुंचाती है।