Monday, August 17, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति पीएम मोदी ने टीबी उन्मूलन में प्रगति की सराहना की, जन भागीदारी...

पीएम मोदी ने टीबी उन्मूलन में प्रगति की सराहना की, जन भागीदारी पर दिया जोर

0
32

नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को टीबी उन्मूलन में हुई प्रगति को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय की सराहना की। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की भी तारीफ की।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा देश से टीबी को खत्म करने की दिशा में हुई प्रगति के बारे में लिखते हैं, जिसकी नींव ‘जन भागीदारी’ पर टिकी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि भारत ने रिसर्च और डेवलपमेंट में लगातार निवेश किया है, अपनी साझेदारियों को मजबूत बनाया है और ‘मेड-इन-इंडिया’ टीबी डायग्नोस्टिक्स की एक पूरी श्रृंखला तैयार की है।”

इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने विश्व टीबी दिवस के अवसर पर ‘एक्स’ पर पोस्ट करके विस्तार से सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने लिखा, “विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर, हम टीबी को खत्म करने और सभी के लिए, विशेष रूप से सबसे अधिक जोखिम वाले लोगों के लिए, बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत ने ‘राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम’ के माध्यम से उल्लेखनीय प्रगति की है। इसके तहत रोकथाम, पहचान और उपचार के प्रयासों को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।”

उन्होंने आगे बताया, “इस वर्ष की थीम, ‘हां! हम टीबी को खत्म कर सकते हैं। भारत के नेतृत्व में। जनभागीदारी की शक्ति से।’, टीबी-मुक्त भविष्य के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता और विश्वास को दर्शाती है। सभी स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति उनकी अथक सेवा और करुणापूर्ण देखभाल के लिए हार्दिक आभार। आइए, हम सब मिलकर एक ‘टीबी मुक्त भारत’ और ‘एक स्वस्थ, सशक्त राष्ट्र’ के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य करते रहें।”

वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी ‘एक्स’ पर लिखा, “टीबी के खिलाफ भारत का अभियान सिर्फ एक जन-स्वास्थ्य प्रयास नहीं है। यह हमारे राष्ट्र की उस क्षमता का प्रमाण है, जिसके तहत हम एक ऐसे उद्देश्य के लिए एकजुट होते हैं जो लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित करता है।”