पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से कम होगा बिल, सस्ती ब्याज दरों पर मिल रहा लोन

0
3

नालंदा, 6 मई (आईएएनएस)। बिहार के नालंदा जिले के लोगों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ने और जागरूक करने के लिए बुधवार को बिहारशरीफ के विद्युत डिवीजन कार्यालय परिसर में सोलर लोन मेले का आयोजन किया गया। इस मेले का उद्घाटन डीएम कुंदन कुमार, डीडीसी शुभम कुमार और अधीक्षण अभियंता मनीषकांत ने संयुक्त रूप से किया।

मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए आवेदन किया। अधिकारियों ने कहा कि बैंकों से बेहद सस्ती दर पर लोन लेकर अपनी छतों पर सोलर यूनिट लगवाकर बिजली बिल से छुटकारा पा सकते हैं।

डीएम कुंदन कुमार ने उपभोक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि घरों में सोलर यूनिट लगवाना न केवल बिजली बिल कम करने का साधन है, बल्कि यह देश सेवा और जलवायु संरक्षण का भी एक बड़ा कदम है। भारत अपनी जरूरत का 80 प्रतिशत कच्चा तेल बाहर से मंगाता है। जब तक हम ज्यादा से ज्यादा सोलर एनर्जी नहीं अपनाएंगे, आत्मनिर्भर भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। एक सोलर यूनिट लगाने से एक साल में कार्बन फुटप्रिंट उतना ही कम होता है, जितना 100 पेड़ लगाने से होता है। हम उगते और डूबते सूर्य की पूजा करने वाले लोग हैं, अब हर दिन सूर्य की उपासना करने का अवसर है। घरों में सोलर लगाकर आप रोज उनकी एनर्जी महसूस कर सकते हैं।

विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता मनीषकांत ने बताया कि इस योजना के तहत लोग ऊर्जा उपभोक्ता के साथ-साथ उत्पादक भी बन सकते हैं। अधिकतम तीन किलोवाट तक सोलर पैनल लगाने के लिए 78 हजार रुपए का अनुदान दिया जा रहा है। 1 किलोवाट पर 30 हजार और 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपए की सब्सिडी है। प्रति किलोवाट औसतन 60 हजार रुपए का खर्च आता है। अगर किसी के पास पैसे नहीं हैं, तो बैंक 5 से 6 प्रतिशत ब्याज दर पर लोन भी मुहैया करा रहे हैं। 2 लाख रुपए तक के लोन के लिए पहचान पत्र, फोटो, घर की रसीद और बिजली बिल जैसे सामान्य कागजातों की जरूरत होती है।

विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता विकास कुमार ने बताया कि मेले में 88 लोगों का लोन मंजूर किया गया है, जबकि 100 से अधिक नए उपभोक्ताओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। आने वाले एक सप्ताह में इन घरों में सोलर प्लेट लग जाएगी। प्रथम चरण में गैर-बीपीएल श्रेणी के 2,000 घरों में और बीपीएल श्रेणी के 10,000 घरों में सोलर यूनिट लगाने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य सरकार की सहायता से बीपीएल परिवारों के घरों में मुफ्त सोलर प्लेट लगाई जाएगी।

बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक विपुल सौरभ ने कहा कि सोलर योजना से जुड़ना व्यक्तिगत लाभ के साथ-साथ देश के लिए भी फायदेमंद है। इस समय दुनिया में युद्ध की स्थिति बनी हुई है, ऐसे में हमें ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने की सख्त जरूरत है। नालंदा जिले में उनकी 104 शाखाएं हैं, जहां से इस योजना का लाभ लिया जा सकता है।

बिहारशरीफ के प्रतीक राज ने कहा, “यह योजना न सिर्फ व्यक्ति बल्कि पूरे राष्ट्र को आत्मनिर्भर बनाने में बड़ा योगदान है।” कतरीसराय के धर्मराज प्रसाद और बिहारशरीफ के झींगनगर निवासी संदीप कुमार ने भी बैंक से मिले लोन पर खुशी जताते हुए कहा कि अब उनका बिजली बिल लगभग जीरो हो जाएगा और इस योजना से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जुड़ना चाहिए।