Monday, June 8, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों का सम्मान, 90 प्रतिशत से अधिक अंक...

पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों का सम्मान, 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 7 छात्र-छात्राएं पुरस्कृत

0
6

नोएडा, 8 जून (आईएएनएस)। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बच्चों की शैक्षिक उपलब्धियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं डीसीपी मुख्यालय के पर्यवेक्षण में एसीपी पुलिस लाइन्स द्वारा वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में पुलिस लाइन्स स्थित बहुउद्देशीय हॉल में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के उन मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। कुल सात छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एसीपी लाइन्स शकील मोहम्मद ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें अपने निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने कहा कि इन बच्चों की उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है।

समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा द्वारा लखनऊ मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी सहभागिता की गई। उन्होंने पुलिस परिवारों के कल्याण और बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पुलिस परिवार के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आठ प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों के साथ किए गए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) की भी जानकारी दी गई। इन एमओयू के माध्यम से पुलिस कर्मियों के बच्चों को रियायती दरों पर कोचिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस संबंध में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को विस्तार से अवगत कराया गया।