गांधीनगर, 7 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 8 सितंबर को गुजरात के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह वडोदरा के यूनिवर्सिटी ग्राउंड में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में 35,200 करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास करने के साथ ही नई ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखाएंगे। इसमें केंद्र सरकार के 32,606 करोड़ रुपए से अधिक के और राज्य सरकार के 2597 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य शामिल हैं। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री केंद्र और राज्य सरकार के कुल 38 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। केंद्र सरकार के 32,606 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की 1840 करोड़ रुपए की परियोजनाएं शामिल हैं।
एनएचएआई के अंतर्गत जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, उनमें एनएच-48 के वडोदरा-सूरत सेक्शन में तापी और नर्मदा नदी पर 907.39 करोड़ रुपए के खर्च से मुख्य पुल सहित संरचना का निर्माण कार्य, 686.15 करोड़ रुपए के खर्च से कामरेज-चलथाण सेक्शन के छह लेन केरेजवे का कार्य तथा 187.11 करोड़ रुपए के खर्च से एनएच-53 पर आभवा, मिंढाला और खजोद जंक्शन पर ग्रेड सेपरेटेड स्ट्रक्चर्स का निर्माण कार्य शामिल है। इसके अलावा, एनएच-48 पर कंडारी चौकड़ी और लुवारा पाटिया में 59.90 करोड़ रुपए के खर्च से निर्मित छह लेन फ्लाईओवर का लोकार्पण किया जाएगा।
भारतीय रेलवे के तहत 30,766 करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्यो का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। 20,703 करोड़ रुपए के खर्च से पश्चिमी समर्पित माल-ढुलाई गलियारा (डब्ल्यूडीएफसी) के तीन खंडों- न्यू साणंद (एन)-न्यू मकरपुरा (138 किमी), न्यू उमरगाम-न्यू सफाळे (86 किमी) और न्यू सफाळे-न्यू जेएनपीटी (102 किमी) का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही, 8885 करोड़ रुपए के खर्च से वडोदरा-रतलाम के बीच 259 किमी लंबे तीसरे और चौथे रेलवे ट्रैक के निर्माण का शिलान्यास किया जाएगा।
इसके अलावा, अन्य रेलवे लाइनों के गेज कन्वर्जन और डबलिंग के कार्यों का लोकार्पण तथा वडोदरा-टांडा रोड के बीच नई ट्रेन और डब्ल्यूडीएफसी पर मालगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
वडोदरा में गुजरात सरकार के 2597 करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं में ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल्स विभाग, गृह विभाग, आईएमडी-जीआईडीसी, पंचायत और ग्राम विकास विभाग (आरडीडी), बंदरगाह और परिवहन विभाग, सड़क एवं भवन विभाग, शहरी विकास विभाग तथा जलापूर्ति विभाग के विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।
शहरी विकास विभाग के तहत गुजरात को कुल 916.38 करोड़ रुपए के खर्च से 8 प्रोजेक्ट की भेंट मिलेगी। इसमें 523.59 करोड़ रुपए के खर्च से वडोदरा रिंग रोड के दूसरे चरण के निर्माण का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा, वडोदरा महानगर पालिका के नए कार्यालय भवन के निर्माण का भी शिलान्यास किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी वडोदरा शहरी विकास प्राधिकरण (वुडा) की सीमा में पूर्व क्षेत्र के 11 गांवों के लिए 203.77 करोड़ रुपए के खर्च से फिल्टर प्लांट, पानी का टैंक, पाइपलाइन, वितरण व्यवस्था, भूमिगत सम्प तथा पम्पिंग स्टेशन सहित विभिन्न ढांचागत सुविधाओं का लोकार्पण करेंगे। साथ ही, भायली टीपी-3 और टीपी-4 क्षेत्रों में एलिवेटेड टंकी, भूमिगत सम्प, फीडर लाइन और पम्पिंग मशीनरी सहित अन्य सुविधाओं, आजवा सरोवर में 150 एमएलडी क्षमता के पोंटून का निर्माण, वडोदरा शहर के विभिन्न जंक्शनों पर स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज की सुविधा तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) आवासों जैसे विभिन्न विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया जाएगा।
ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल्स विभाग के अंतर्गत महिसागर जिले के कडाणा डैम के जलाशय पर 489.20 करोड़ रुपए के खर्च से 110 मेगावाट क्षमता के फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा, वडोदरा और सूरत में कुल 94.58 करोड़ रुपए के ट्रांसमिशन सिस्टम प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण किया जाएगा। इन विकास कार्यों के परिणामस्वरूप राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधाओं को और गति मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के अंतर्गत राज्यभर में 236.10 करोड़ रुपए के खर्च से निर्मित 13,888 आवास इकाइयों का भी लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा, सड़क एवं भवन विभाग के तहत महिसागर नदी पर 150 करोड़ रुपए के खर्च से नया मेजर ब्रिज, वात्रक नदी पर 74.10 करोड़ रुपए के खर्च से मेजर ब्रिज तथा नडियाद-डाकोर-पाली मार्ग पर हाई-लेवल मेजर ब्रिज का निर्माण शामिल है।
पीएम मोदी आणंद में नए बस स्टेशन के निर्माण का शिलान्यास भी करेंगे। वे नवसारी के एरू पीएचक्यू में विकसित की गई विभिन्न सुविधाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा, आईएमडी-जीआईडीसी के दो विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, जिसमें झघड़िया-कांटियाजळ पाइपलाइन का नवीनीकरण तथा सावली जीआईडीसी में सड़क चौड़ीकरण और रिसर्फेसिंग के कार्य शामिल हैं। जलापूर्ति विभाग के तहत तापी जिले के सोनगढ़ क्षेत्र में 214.52 करोड़ रुपए के खर्च से तीन ग्रामीण जल आपूर्ति और स्वच्छता (आरडब्ल्यूएसएस) पैकेज का लोकार्पण किया जाएगा।
बता दें कि वडोदरा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवसारी का भी दौरा करने वाले हैं।
