Sunday, July 26, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय प्रधानमंत्री मोदी की अपील का मध्य प्रदेश में दिख रहा असर

प्रधानमंत्री मोदी की अपील का मध्य प्रदेश में दिख रहा असर

0
22

भोपाल, 12 मई (आईएएनएस)। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के चलते बने हालात के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल- डीजल के कम उपयोग के साथ की गई अपील का असर मध्य प्रदेश में नजर आने लगा है। राज्य सरकार के मंत्री जहां स्कूटी से मंत्रालय पहुंचे तो वहीं लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष ई-रिक्शा पर नजर आए। प्रधानमंत्री मोदी ने बीते रोज ही देशवासियों से ऊर्जा बचत सहित कई अन्य अपील की थी। इस अपील का राजनेताओं ने अनुसरण करना भी शुरू कर दिया है।

राज्य के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर तो स्कूटी की पीछे वाली सीट पर सवार होकर मंत्रालय पहुंचे। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने पेट्रोल-डीजल की बचत के साथ पर्यावरण के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है। उसी के तहत वे स्कूटी का उपयोग कर रहे हैं। साथ ही प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि जब बहुत आवश्यक हो तब कार आदि का उपयोग करें।

इसी तरह राज्य के लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण सिंह ने मंगलवार को ई-रिक्शा की सवारी की। वह पार्टी कार्यालय ई-रिक्शा से पहुंचे और उसके बाद उन्होंने निगम के कार्यालय पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण किया।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री डॉ. स्वप्ना वर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से जो अपील की है उससे स्वदेशी उत्पादों का संवर्धन होगा। उन्होंने कहा कि यह एक अच्छा अवसर है कि हम विदेशी उत्पादों पर अपनी निर्भरता कम करें और स्वदेशी का संवर्धन करें। हम सबको मिलकर राष्ट्र निर्माण के इस अभियान में योगदान देना चाहिए, जिससे एक मजबूत, सुदृढ़ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ का सपना साकार हो।

उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने देशवासियों से पेट्रोल, डीजल, खाद्य तेल की खपत में कटौती करने की अपील की है। उन्होंने हमें अनावश्यक वाहनों का उपयोग न करने, विदेश यात्रा में कटौती करने, दफ्तर के बजाय घर से काम करने और ऑनलाइन बैठकें आयोजित करने की सलाह दी है, जिससे पेट्रोल और डीजल की बचत होगी।