Monday, June 15, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को तमिलनाडु के भाजपा कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को तमिलनाडु के भाजपा कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद

0
24

नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से तमिलनाडु के भाजपा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम को पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रधानमंत्री मोदी से सीधे जुड़ने और तमिलनाडु के लिए अपने सुझाव साझा करने का एक अहम अवसर माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को शाम 4 बजे ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत संवाद’ कार्यक्रम में जुड़ेंगे और भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। उन्होंने इस संबंध में रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ लिखा, “13 अप्रैल की शाम को ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत संवाद’ के दौरान मैं अपने मेहनती कार्यकर्ताओं से बातचीत करूंगा।”

उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए तमिलनाडु भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना की। पीएम मोदी ने पोस्ट में लिखा, “मुझे अपने तमिलनाडु के भाजपा कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने डीएमके के खराब शासन को बेनकाब किया है और राज्य के लिए एनडीए के विकास के विजन को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है।”

कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक कार्यकर्ता ‘नमो’ ऐप के जरिए पंजीकरण कर सकते हैं। पार्टी की ओर से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से इस संवाद का हिस्सा बनने की अपील की गई है, ताकि तमिलनाडु के विकास को लेकर विचारों का आदान-प्रदान हो सके।

पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में रोड शो की तस्वीरें शेयर कीं। हजारों की संख्या में लोग पीएम मोदी के रोड शो में शामिल हुए। तस्वीरों में पीएम मोदी जनता का अभिवादन स्वीकार करते नजर आए।

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “15 किलोमीटर का बेमिसाल स्नेह। ये हैं सिलीगुड़ी की कुछ झलकियां। भाजपा सरकार स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों का समाधान करेगी और साथ ही पश्चिम बंगाल के युवाओं के लिए नए अवसर भी लाएगी।”

रविवार को प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 1 बजे सिलीगुड़ी में एक विशाल ‘विजय संकल्प सभा’ ​​को भी संबोधित करेंगे। यह जनसभा इस महीने के अंत में होने वाले दो चरणों के विधानसभा चुनावों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।