नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हमेशा से देश के नौजवान और छात्रों की चिंता रही है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रधानमंत्री मोदी पर जेनजी की आवाज को दबाने से जुड़े आरोपों पर यह बातें कही।
भाजपा नेता खटाना ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि पीएम मोदी ने जब से देश की कमान संभाली है, वह हमेशा युवाओं और छात्रों के भविष्य को लेकर चिंतित रहे हैं। वह ‘परीक्षा पे चर्चा’ और ‘स्टार्टअप स्टैंडअप’ कार्यक्रम के जरिए हमेशा बच्चों से सीधा संवाद करते हैं। समाज का कोई ऐसा वर्ग नहीं होगा, जिसके लिए उन्होंने योजना न चलाई हो।
उन्होंने कहा कि पीएम ने आज देश को युवाओं के हाथों सौंप दिया है और हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी ताकत बनने जा रहे हैं। कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोगों का काम लटकाने और भटकाने का रहा है।
जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान घायल दिल्ली पुलिस के परिवार की प्रेस वार्ता पर भाजपा नेता गुलाम अली खटाना ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने छात्रों के शांतिपूर्ण तरीके से चल रहे प्रदर्शन को हाईजैक किया और धरने में अपराधियों को शामिल किया गया। विपक्षी पार्टियों ने राजनीतिक लाभ लेने के लिए प्रदर्शनकारी छात्रों का इस्तेमाल किया है। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ बर्बरता की गई।
गुलाम अली खटाना ने संसद परिसर में विपक्षी दलों के राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर किए गए नाटक पर तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की।
उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन के लोग निराशा के शिकार हो गए हैं। ये पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अपराध में संलिप्त रहे हैं। देश की जनता ने विपक्षी दलों को सत्ता से बाहर की तरफ धकेल दिया है। इन सबने लोकतंत्र के मतलब को छोड़ दिया है। यह बहुत दुर्भाग्य की बात है कि एक तरफ संविधान की किताब को हाथ में लेकर घूमते हैं और दूसरी तरफ संसद की मर्यादा को तार-तार कर रहे हैं।

