SGSU Advertisement
Home राजनीति प्रेम के अटूट बंधन का प्रतीक त्योहार: योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों...

प्रेम के अटूट बंधन का प्रतीक त्योहार: योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने रक्षाबंधन की दी शुभकामनाएं

0
3

नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। रक्षाबंधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री ने अपने-अपने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही कहा कि भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम और विश्वास का बंधन सदैव मजबूत बना रहे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पोस्ट में कहा, “स्नेह, विश्वास, संस्कार एवं आत्मीयता के पावन पर्व रक्षाबंधन की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। आइए, भाई-बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक इस पवित्र पर्व पर हम सभी अपनी सनातन सांस्कृतिक विरासत एवं पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने हेतु संकल्पित हों।”

रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट किया, “आप सभी को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं। स्नेह, विश्वास और कर्तव्य का यह पावन पर्व हमारे पारिवारिक संस्कारों की शक्ति है। यह पवित्र बंधन हर घर में सुख, समृद्धि और आत्मीयता बढ़ाए तथा भाई-बहन का प्रेम सदैव अटूट रहे।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक्स पर लिखा, “स्नेह और अटूट रिश्ते की डोर से बंधे पावन पर्व ‘रक्षाबंधन’ की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह पवित्र पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम और विश्वास का बंधन सदैव मजबूत बना रहे।”

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट किया, “भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पावन पर्व रक्षाबंधन की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह पवित्र पर्व हमारे पारिवारिक मूल्यों, प्रेम और रिश्तों की मिठास को और मजबूत करे। सभी भाई-बहनों के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशियों का संचार हो। येन बद्धो बलिराजा दानवेन्द्रो महाबलः। तेन त्वामनुबध्नामि रक्षे मा चल मा चल।।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, “भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आत्मीयता से जुड़े पावन पर्व ‘रक्षाबंधन’ के अवसर पर समस्त मातृशक्ति एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! रक्षाबंधन हमारी समृद्ध पारिवारिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का सुंदर प्रतीक है। प्रभु श्री गोविंद देव जी से प्रार्थना है कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, सौभाग्य एवं खुशहाली लेकर आए और भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम एवं विश्वास सदैव बना रहे।”

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, “भाई-बहन के प्रेम और विश्वास के पावन पर्व रक्षाबंधन की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते का पर्व है, जो बचपन की मीठी यादों से लेकर जीवन के हर पड़ाव तक स्नेह, अपनत्व और विश्वास से जुड़ता है। यह पर्व आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए, यही मंगलकामना है।”

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रक्षाबंधन के मौके पर जम्मू-कश्मीर के लोगों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह त्योहार भाई-बहनों के बीच प्यार, भरोसे और आपसी सम्मान के अनमोल रिश्ते का जश्न है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह त्योहार हर घर में खुशहाली, शांति और समृद्धि लाएगा और साथ ही पूरे जम्मू-कश्मीर में एकता और सद्भाव को मजबूत करेगा।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा,” समस्त प्रदेशवासियों को भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह को समर्पित रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। राखी का यह पवित्र धागा रिश्तों की मजबूती और पारिवारिक मूल्यों की सुंदर परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाता है। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशियां लेकर आए तथा भाई-बहन के रिश्तों में प्रेम और विश्वास को और प्रगाढ़ करे।”