Thursday, August 13, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल पीएसजी ने लगातार दूसरी बार जीता यूईएफए सुपर कप, फाइनल में एस्टन...

पीएसजी ने लगातार दूसरी बार जीता यूईएफए सुपर कप, फाइनल में एस्टन विला को हराया

0
5

साल्जबर्ग, 13 अगस्त (आईएएनएस)। ख्विचा क्वारात्शेलिया और डिजायर डोए के गोल की मदद से पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) ने यूरोपा लीग विजेता एस्टन विला को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार यूईएफए सुपर कप का खिताब जीता।

मैच के दौरान कभी-कभी एस्टन विला के दबाव में दिखी पीएसजी ने अपने अनुभव, रणनीतिक समझ और व्यक्तिगत प्रदर्शनों की बदौलत जीत हासिल की। पिछले सीजन में पीएसजी के हीरो रहे क्वारात्शेलिया ने स्टेडियन साल्जबर्ग में धूम मचा दी। जॉर्जियाई स्टार ने डूए का पास लिया और फिर अंदर कट करके मार्को बिजोट के ऊपर से एक जोरदार शॉट लगाते हुए गोल का सिलसिला शुरू किया।

विला ने भी जोरदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कई बार पीएसजी के डिफेंस को भेदने में कामयाबी हासिल की। विला के 17 साल और 212 दिन के खिलाड़ी ब्रायन मैडजो पीएसजी डिफेंस के लिए सबसे मुश्किल साबित हुए। ब्रायन मैडजो ने विला की तरफ से एकमात्र गोल मारा और सबसे कम उम्र के सुपर कप स्कोरर के तौर पर अपना नाम दर्ज करा लिया।

खेल के 61वें मिनट में पीएसजी ने बढ़त बनाई। डोए ने सब्सटीट्यूट ओस्मान डेम्बेले की सटीक थ्रू बॉल पर बिजोट को छकाते हुए शानदार गोल किया।

उनाई एमरी ने विला के लिए टैमी अब्राहम और रॉस बार्कले जैसे अटैकिंग खिलाड़ियों को भेजा ताकि एक और बराबरी का गोल किया जा सके, लेकिन वे पीएसजी के डिफेंस को तोड़ नहीं सके। पीएसजी ने 2-1 से जीत हासिल की।

खिताबी जीत के बाद पीएसजी के कोच लुइस एनरिक ने कहा, “हमें पहले से पता था कि यह मैच मुश्किल होने वाला है। मेरे खिलाड़ियों ने दिखाया कि वे किस मिट्टी के बने हैं। हो सकता है कि हम सबसे अच्छी फिजिकल कंडीशन में न हों, लेकिन एक बार फिर यह हमारे डीएनए और हमारे फैंस का असली प्रदर्शन है, जिसने हमें ट्रॉफी जीतने और स्टैंडर्ड ऊंचा रखने में मदद की है।”

पीएसजी ने अपने शानदार 2024–25 और 2025–26 कैंपेन की रफ्तार को जारी रखते हुए एक और ट्रॉफी जीती और अपने इतिहास का दूसरा सुपर कप जीतकर अपना खिताब अपने पास बरकरार रखा। पीएसजी तीसरा क्लब है जिसने लगातार 2 बार यूईएफए का खिताब जीता है। इससे पहले ये उपलब्धि एसी मिलान (1989, 1990) और रियल मैड्रिड सीएफ (2016, 2017) में हासिल की थी।