Thursday, August 13, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय जम्मू-कश्मीर: पुंछ में बच्चों ने निकाली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति की भावना से...

जम्मू-कश्मीर: पुंछ में बच्चों ने निकाली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति की भावना से दिखे सभी ओतप्रोत

0
2

पुंछ, 13 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में जिया उल उलूम हायर सेकेंडरी स्कूल की ओर से गुरुवार को ‘हर घर तिरंगा’ रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में एक हजार से अधिक छात्रों और शिक्षकों ने हिस्सा लिय। इस दौरान स्कूल के प्रिंसिपल और कई छात्रों ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में अपने अनुभव साझा किए।

प्रिंसिपल वाहिद अहमद ने कहा कि हमारे स्कूल की ओर से तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में एक हजार बच्चों ने हिस्सा लिया। इस रैली को स्कूल की तरफ से पहले हरी झंडी दिखाई गई। हमने इस रैली को शहर के मुख्तलिफ इलाकों से निकाला और इसके बाद वापस स्कूल में पहुंचे। इस तिरंगा रैली को निकालने का मुख्य मकसद यह था कि हम अपने बच्चों के अंदर राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रेरित कर सके। उनके अंदर देश के प्रति प्रेम को पैदा कर सके। मैं समझता हूं कि बहुत हद तक हम सफल हुए हैं। सरकार की ओर से 10 से लेकर 17 अगस्त तक सभी स्कूलों में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों को कराने का आदेश भी दिया गया है। इस आदेश को देखते हुए स्कूल में भी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, और बाहर भी।

उन्होंने कहा कि हम इस रैली के जरिए आम लोगों के बीच में यह संदेश देना चाहते हैं कि यह देश हमारा है और इसके लिए हमें मिलकर काम करना होगा। राष्ट्रहित हमारा सर्वोच्च विषय है। हम सभी को मिलकर इसकी तरक्की में अपना योगदान देना है। मैं पुंछ में रहने वाले लोगों से गुजारिश करना चाहूंगा कि वो इस रैली में हिस्सा लें और देश की तरक्की में अपनी तरफ से योगदान दें। हर कोई मिलकर इस दिशा में काम कर रहा है। प्रथम स्थान आने पर हमें पुरस्कार भी मिला है। इसके लिए मैं जिला प्रशासन का धन्यवाद करना चाहूंगा। हम सभी लोगों के सामूहिक प्रयास के बाद हमें यह स्थान मिला है। इस तरह की गतिविधियों में हम सभी लोगों को मिलकर हिस्सा लेना है, ताकि हमारे देश का नाम ऊंचा हो। हम अपने बच्चों को यह बताना चाहते हैं कि हिंदुस्तान हमारा मुल्क है और अपने देश से मोहब्बत करना हमारे ईमान का हिस्सा है। हमें अपने बच्चों को यह बताना है कि आजादी में हमारे बड़ों ने क्या-क्या कुर्बानियां दी हैं, ताकि ये बच्चे आगे चलकर देश के वफादारी सिपाही बनें।

छात्र इब्राम महमूद ने कहा कि हम अन्य लोगों से कुछ अलग करने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि हम जामिया के स्टूडेंट हैं। हमें इस बात की खुशी है कि हमने तिरंगा रैली निकाली। यह रैली शहर से लेकर स्कूल तक में आयोजित की गई। इस तरह के अभियान जरूरी हो जाते हैं, क्योंकि इससे हम बाकी लोगों को यह संदेश दे पाते हैं कि युवा पीढ़ी में देशभक्ति को लेकर जज्बा है। हमने इसी जज्बे को लेकर पुंछ में यह रैली निकाली है। मैं लोगों को यही संदेश देना चाहता हूं कि वो भी इस अभियान में हिस्सा लें। सरकार की ओर से जो भी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, उसमें भी आप हिस्सा लें, ताकि लोगों के बीच यह संदेश जाए कि हम लोग भी हिंदुस्तानी हैं।

अन्य छात्र सैयद मोहसिन अली ने भी हर घर तिरंगा अभियान को लेकर अपनी बात रखी। उनके मुताबिक, हमारे स्कूल की ओर से तिरंगा रैली निकाली गई। इस स्कूल में हमारे स्कूल के स्टूडेंट, प्रिंसिपल और अन्य स्टाफ शामिल हुए। यह रैली पुंछ शहर से लेकर स्कूल तक निकाली गई।