Sunday, July 5, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth पंजाब के 72 शिक्षक फिनलैंड रवाना, सीएम मान बोले- शिक्षा में नई...

पंजाब के 72 शिक्षक फिनलैंड रवाना, सीएम मान बोले- शिक्षा में नई क्रांति लाएंगे

0
21

चंडीगढ़, 16 मई (आईएएनएस)। पंजाब सरकार शिक्षा क्षेत्र में गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य के 72 सरकारी स्कूल शिक्षकों का चौथा प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को फिनलैंड के लिए रवाना हो गया। ये शिक्षक वहां आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, नए शैक्षिक उपकरणों और बेहतर शिक्षा पर प्रशिक्षण लेंगे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “आज 72 शिक्षक नए तरीके की शिक्षण पद्धति और नए शैक्षिक उपकरणों में प्रशिक्षण लेने के लिए फिनलैंड रवाना हो गए हैं। हम शिक्षा को पूरी तरह बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि यह चौथा बैच है, जो फिनलैंड जा रहा है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री भगवंत मान शिक्षा पर सबसे ज्यादा ध्यान देने वाले मुख्यमंत्री हैं। वे शायद देश के इकलौते मुख्यमंत्री हैं, जो कक्षा 8, 10 और 12 के टॉपर्स को परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद व्यक्तिगत रूप से अपने आवास पर आमंत्रित करते हैं और सम्मानित करते हैं।”

प्रतिनिधिमंडल में शामिल एक शिक्षक ने कहा, “हमारा मुख्य फोकस शिक्षण पद्धति पर रहेगा। पहला बैच वापस आ चुका है। उन्होंने अपने अनुभव साझा किए हैं, जिनसे हमें बहुत मदद मिली है। हम फिनलैंड में प्ले-वे मेथड, बाल-केंद्रित शिक्षा और बच्चों के समग्र विकास से जुड़ी नई तकनीकों को सीखेंगे।”

एक अन्य शिक्षिका ने बताया, “फिनलैंड के स्कूलों में इस्तेमाल होने वाले खेल-खेल में सिखाने वाले तरीके और बाल-केंद्रित दृष्टिकोण हमारे पंजाब के सरकारी स्कूलों में पहले से ही कुछ हद तक लागू हैं। वहां से और बेहतर तरीके सीखकर हम इन्हें अपने यहां और प्रभावी ढंग से लागू करेंगे। इससे बच्चों की सीखने की प्रक्रिया और भी बेहतर होगी।”

शिक्षकों का कहना है कि फिनलैंड विश्व में शिक्षा की गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध है। वहां से लौटकर वे जो भी नई बातें सीखेंगे, उन्हें पंजाब के सरकारी स्कूलों में लागू किया जाएगा, जिससे छात्रों को बेहतर शिक्षा मिल सके।