नई दिल्ली, 27 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के सांसद तरुण चुघ ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पंजाब में 7.5 लाख कर्मचारी और पेंशनर आज अपना काम छोड़कर पेन-डाउन हड़ताल के तहत सड़कों पर उतर आए हैं।
तरुण चुघ ने कहा, “पंजाब में 7.5 लाख कर्मचारी और पेंशनर, जिन पर 7.5 लाख परिवारों की जिम्मेदारी है, आज अपना काम छोड़कर पेन-डाउन हड़ताल के तहत सड़कों पर उतर आए हैं। यह राज्यव्यापी बंद, भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की पंजाब-विरोधी और कर्मचारी-विरोधी नीतियों के खिलाफ जनता के गुस्से का ज्वालामुखी फटने जैसा है। इसी तरह पंजाब का हर नागरिक, हर वर्ग, हर समुदाय, हर क्षेत्र और हर गांव पंजाब सरकार के खिलाफ आक्रोशित है।”
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के कर्मचारी हाईकोर्ट के सख्त आदेशों के बाद भी अपने हक के 18 प्रतिशत डीए को प्राप्त करने के लिए सड़कों पर आने को मजबूर हुए हैं। चुघ ने कहा, “सरकार अब न्यायालय के आदेश को भी नहीं मान रही है। पुरानी पेंशन योजना की बहाली और ठेका कर्मचारियों व पेंशनर्स की नियुक्ति की मांग लंबे समय से लंबित है। यह वादा आपने अपने मैनिफेस्टो में किया था। विज्ञापनों पर तो करोड़ों रुपये की फिजूलखर्ची की जा रही है लेकिन बात आए स्कूलों की, बात आए हॉस्पिटलों की, बात आए पेंशनर्स की, बात आए वृद्धावस्था पेंशन की, बात आए विधवा पेंशन की या सरकारी कर्मचारियों के डीए की, पंजाब सरकार हाथ खड़े किए दिखती है।”
तरुण चुघ ने भगवंत मान सरकार को वीआईपी-कल्चर वाली सरकार बताया। उन्होंने कहा, “पंजाब में भगवंत मान सरकार ऐसी सरकार बन गई है जो लोगों की भावनाओं, वादों और उम्मीदों को कुचलती है और वीआईपी-कल्चर वाली सरकार के तौर पर काम करती है, जो कुछ चुनिंदा लोगों के इशारे पर चलती है। जहां मुख्य आका से लेकर अर्दली तक सब संस्थागत लूट की नई-नई योजनाएं रोज बनाकर ला रहे हैं और पंजाब को लूट रहे हैं।”
उन्होंने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। चुघ ने कहा, “पंजाब में अब तो हालात यह हो गए हैं कि बलात्कारियों को बचाने के लिए अपराधी और रक्षकों के बीच बोली लग रही है। रेत माफिया, खनन माफिया, ट्रांसपोर्ट माफिया, बदली माफिया, रंगदारी माफिया, ड्रग माफिया और बिचौलिया माफिया पंजाब को बेखौफ होकर लूट रहा है। वहीं हिंसक वारदातों में पिछले 54 महीनों में कई गुना बढ़ोतरी चिंताजनक है। सीमावर्ती पंजाब को दहकते हुए शोले की ओर धकेलने का प्रयास यह नौसिखिया और नालायक सरकार कर रही है।”
नेपाल में आई आपदा पर तरुण चुघ ने दुख जताया। उन्होंने कहा, “यह बेहद दुखद है। ऐसी खबरें हैं कि कई भारतीय भी लापता हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री से बात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि भारत नेपाल को हरसंभव मदद देगा। भारतीय जनता पार्टी की संवेदनाएं, हम सबकी संवेदनाएं सभी पीड़ित परिवारों के साथ हैं।”
वहीं, जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर बोलते हुए तरुण चुघ ने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “लोग न केवल उमर अब्दुल्ला की नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार से नाखुश हैं बल्कि जनता बहुत परेशान और दुखी भी है। नेशनल कॉन्फ्रेंस अब तक एक भी वादा पूरा नहीं कर पाई है। जनता का गुस्सा और नाराजगी लगातार बढ़ रही है।”
