SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पूर्वी तट की सुरक्षा को मजबूती, तटरक्षक बल के नए एयर कुशन...

पूर्वी तट की सुरक्षा को मजबूती, तटरक्षक बल के नए एयर कुशन वाहन हल्दिया पहुंचे

0
1

हल्दिया, 9 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के पूर्वी तट पर समुद्री और तटीय सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) को बड़ी उपलब्धि मिली है। तटरक्षक बल के नव-नियुक्त एयर कुशन वाहन (एसीवी) एच-561 और एच-562 पश्चिम बंगाल के हल्दिया स्थित अपने निर्धारित बेस पर पहुंच गए हैं।

आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत गोवा स्थित चौगुले एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित ये अत्याधुनिक प्लेटफॉर्म भारतीय तटरक्षक बल की परिचालन क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इन दोनों एसीवी को जल्द ही औपचारिक रूप से सेवा में शामिल किया जाएगा।

एच-561 और एच-562 की तैनाती के साथ उन एसीवी एच-182 और एच-186 का स्थान लिया जाएगा, जिन्होंने दो दशकों से अधिक समय तक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सुंदरबन क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और निगरानी के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं।

उन्नत गति और आधुनिक निगरानी प्रणालियों से लैस ये नए एयर कुशन वाहन तटीय बंगाल के जटिल नदी तंत्र, विस्तृत कीचड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील तटीय इलाकों में समुद्री निगरानी, तटीय गश्त तथा त्वरित प्रतिक्रिया अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।

भारतीय तटरक्षक बल के अनुसार, इन प्लेटफॉर्मों की तैनाती से राष्ट्रीय समुद्री हितों की सुरक्षा, तटीय क्षेत्रों की निगरानी और देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। यह कदम पूर्वी तट पर समुद्री सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

भारतीय तटरक्षक बल ने कहा कि नए एसीवी की तैनाती उसके मूल संकल्प ‘हम रक्षा करते हैं’ को और मजबूती प्रदान करेगी।

इससे पहले, भारतीय तटरक्षक बल ने 23 सितंबर को स्वदेश में निर्मित समुद्री पोत यह एयर कुशन व्हीकल एसीवी एच-562 को अपने बेड़े में शामिल किया था।

तटरक्षक बल के मुताबिक, यह भारत में स्वदेशी रूप से निर्मित दूसरा एयर कुशन व्हीकल है। एयर कुशन व्हीकल के शामिल होने से तटरक्षक बल की समुद्री तैयारियों को और मजबूती मिलेगी। यह पोत तटरक्षक बल की समुद्री क्षेत्र में पहुंच और अभियान क्षमता बढ़ाने में मदद करेगा। खास तौर पर ऐसे क्षेत्रों में इसकी उपयोगिता महत्वपूर्ण होगी, जहां सामान्य पोतों के लिए पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। एसीवी एच-562 का डिजाइन और निर्माण भारत में ही किया गया है।