Wednesday, June 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति राहुल गांधी जानबूझकर संसद की मर्यादा की अनदेखी कर रहे हैं :...

राहुल गांधी जानबूझकर संसद की मर्यादा की अनदेखी कर रहे हैं : शाहनवाज हुसैन

0
19

पटना, 4 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़े मुद्दों के साथ कई और मुद्दों को लेकर विपक्षी नेताओं पर आरोप लगाए हैं।

राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राहुल गांधी एक बार फिर संसद में चीन के घुसपैठ का मुद्दा उठा रहे हैं।

उन्होंने आईएएनएस से बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि किसी ऐसी किताब का हवाला संसद में नहीं दिया जा सकता, जो अभी तक प्रकाशित ही नहीं हुई है। इसके बावजूद राहुल गांधी जानबूझकर संसद की मर्यादा और नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।

हुसैन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अब विपक्ष के नेता नहीं, बल्कि ‘भारत के विरोध के नेता’ बन गए हैं। उनके अनुसार, देश के हितों का विरोध करना राहुल गांधी की आदत और फितरत बन चुकी है।

एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भी शाहनवाज हुसैन ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि बिहार में एसआईआर के दौरान कभी भी किसी वैध मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं हटाया गया है। उनके मुताबिक, केवल उन्हीं लोगों के नाम हटाए गए हैं जो स्थानांतरित हो चुके हैं, कहीं और चले गए हैं या जिनका निधन हो चुका है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव इस मुद्दे पर लोगों को पूरी तरह गुमराह कर रहे हैं, जिससे न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश में भ्रम फैल रहा है।

इसके साथ ही, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी शाहनवाज हुसैन ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ‘ड्रामा’ कर रही हैं, क्योंकि बंगाल के लोगों ने उनके कथित ‘जंगल राज’ की सच्चाई पहचान ली है। उनके अनुसार, हार के डर से ममता बनर्जी अब चुनाव आयोग पर धोखाधड़ी का आरोप लगाकर अपनी हार का ठीकरा उस पर फोड़ने की कोशिश कर रही हैं।