SGSU Advertisement
Home राजनीति राहुल गांधी पर केस को लेकर कमलनाथ बोले- भाजपा चोरी और सीनाजोरी...

राहुल गांधी पर केस को लेकर कमलनाथ बोले- भाजपा चोरी और सीनाजोरी पर उतरी

0
4

भोपाल, 31 अगस्त (आईएएनएस) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में मामला दर्ज किए जाने पर भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि भाजपा चोरी और सीना जोरी पर उतर आई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हल्द्वानी में दलित अपमान का प्रकरण दर्ज किया गया है।

इस पर कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि भाजपा चोरी और सीना जोरी पर उतर आयी है। पहले तो बीजेपी ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद इस स्थान का शुद्धिकरण कर दलितों का अपमान किया।

अपनी बात को आगे बढ़ते हुए कमलनाथ ने कहा कि जब लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इसका विरोध किया तो बजाय दोषियों पर कार्रवाई करने के राहुल गांधी के ख़िलाफ़ ही गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज करा दिया गया ।इससे साफ़ पता चलता है कि भाजपा न सिर्फ़ दलितों का अपमान करती है बल्कि दलितों के हक की लड़ाई लड़ने वालों का उत्पीड़न भी करती है।

कमलनाथ ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी खड़गे और राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ी है। देश का दलित समाज इस अन्याय और अपमान के लिए भाजपा को सबक सिखाएगा। दरअसल पिछले दिनों हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जनसभा को संबोधित किया था। उसके बाद हिंदूवादी संगठनों ने शुद्धिकरण यज्ञ का आयोजन किया। इस घटना को लेकर राहुल गांधी ने भाजपा पर हमला बोला था। इस पर हल्द्वानी के एक अनुसूचित जाति वर्ग के युवक ने शिकायत दर्ज कराई है और राहुल गांधी पर अनुसूचित जाति की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है।

–आईएएनएस

एसएनपी/पीएम