रायपुर, 6 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पश्चिम बंगाल में हाल ही में हुए चुनाव परिणामों और घुसपैठ के मुद्दे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश में घुसपैठ का मुद्दा लंबे समय से गंभीर बना हुआ है और यह सीमा सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रेसवार्ता में कहा कि रायपुर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचे बांग्लादेशी घुसपैठिए पश्चिम बंगाल के रास्ते ही भारत में प्रवेश करते हैं। इस मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा, “हमने अपने राज्य से घुसपैठियों को बाहर कर दिया है और जो बचे हैं, उन्हें भी बाहर किया जा रहा है।”
उन्होंने दावा किया कि विभिन्न स्थानों से पकड़े गए और वापस भेजे गए लोग भी इसी मार्ग से भारत में दाखिल हुए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्षों तक पश्चिम बंगाल सरकार ने सीमा पर बाड़ लगाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों को जमीन उपलब्ध नहीं कराई, जिससे सुरक्षा उपाय प्रभावित हुए।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के घोषणापत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि सरकार बनने के शुरुआती 45 दिनों के भीतर सीमा पर बाड़ लगाने के लिए आवश्यक भूमि केंद्रीय एजेंसियों को उपलब्ध करा दी जाएगी। इससे घुसपैठ पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा और सीमा सुरक्षा मजबूत होगी।
विजय शर्मा ने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वहां की जनता ने बदलाव के पक्ष में भारी जनादेश दिया है और भारतीय जनता पार्टी को बड़ी जीत मिली है। उन्होंने दावा किया कि जनता लंबे समय से घुसपैठ और कानून-व्यवस्था की स्थिति से परेशान थी।
उन्होंने कहा कि नई सरकार जनता की उम्मीदों के अनुरूप काम करेगी और चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उनके अनुसार, आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में “कानून का राज” स्थापित होगा।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पहले राज्य में सरकारी तंत्र और राजनीतिक दफ्तरों के बीच की सीमाएं धुंधली हो गई थीं, लेकिन अब व्यवस्था को पारदर्शी और मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में शासन व्यवस्था किसी व्यक्ति या संगठन के प्रभाव से नहीं, बल्कि कानून के आधार पर संचालित होगी।

