SGSU Advertisement
Home राजनीति राजस्थान निकाय चुनाव : दूसरे चरण के लिए मतदान जारी, सीएम और...

राजस्थान निकाय चुनाव : दूसरे चरण के लिए मतदान जारी, सीएम और डिप्टी सीएम ने की वोट करने की अपील

0
2

जयपुर, 11 सितंबर (आईएएनएस)। राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। 147 निकायों के 4 हजार 774 वार्डों में वोट डाले जा रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “प्रिय प्रदेशवासियो, आज नगर निकाय चुनाव-2026 के द्वितीय चरण का मतदान है। आइए, हम सभी मिलकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।”

उन्होंने कहा कि हमारा एक-एक वोट नगर के विकास, बेहतर सुविधाओं और उज्ज्वल भविष्य की नींव को मजबूत करता है। इसलिए मतदान के दिन घर से निकलें और अपने मत का प्रयोग जरूर करें।

सीएम ने पहली बार वोट डालने जा रहे युवाओं से खास अपील की। उन्होंने कहा कि जो युवा साथी पहली बार मतदान करने जा रहे हैं, वे भी पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के इस पर्व का हिस्सा बनें और अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। आइए, मिलकर अपने नगर के भविष्य के लिए मतदान करें।

उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भी मतदाताओं से वोट डालने की अपील की। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “पहले मतदान, फिर जलपान। आज नगर निकाय चुनाव 2026 के अंतर्गत द्वितीय चरण के लिए हो रहे मतदान में समस्त सम्मानित मतदाताओं से अपील है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।”

वहीं, राजस्थान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने भी इसी नारे के साथ लोगों से मतदान करने को कहा। उन्होंने लिखा, “पहले मतदान, फिर जलपान। नगर निकाय चुनाव-2026 के दूसरे एवं अंतिम चरण के तहत आज हो रहे मतदान में समस्त सम्मानित मतदाताओं से अपील है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।”

उन्होंने कहा कि आपका प्रत्येक मत लोकतंत्र को सशक्त बनाने के साथ ही आपके शहर के विकास, बेहतर सुविधाओं, सुशासन और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है। आइए, पहले मतदान करें और फिर जलपान करें।