SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गोविंद सिंह डोटासरा सोचते बाद में हैं, बोलते पहले हैं : भाजपा...

गोविंद सिंह डोटासरा सोचते बाद में हैं, बोलते पहले हैं : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़

0
2

जयपुर, 24 सितंबर (आईएएनएस)। जयपुर में स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजों के बाद उत्साहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जीत के जश्न के साथ-साथ ‘मिशन 2028’ की तैयारी में जुट गई है। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे को संकल्प पत्र के वादों को जमीन पर उतारने का रोडमैप बताया। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के एसआईआर और सत्ता के दुरुपयोग वाले आरोपों पर राठौड़ ने तीखा पलटवार किया और इसे ‘भ्रमित’ और ‘दोहरे मापदंड’ वाला करार दिया।

भाजपा के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा, “हमारे कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की और जनता ने आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं ने एक संकल्प पत्र जारी किया था, जिस पर जनता ने भरोसा जताया है। स्थानीय निकाय चुनाव में जीत हासिल करने वाले सदस्यों को इस बात का मार्गदर्शन मिलेगा कि वादों और घोषणाओं को कैसे पूरा करना है। इसे लेकर हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विजयी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करेंगे और उन्हें आगे का मार्गदर्शन देंगे।”

मदन राठौड़ ने कहा, “हम सभी को मार्गदर्शन मिलेगा, इसलिए हम उत्सुक हैं और उनका इंतजार कर रहे हैं। यह एक शानदार और भव्य कार्यक्रम होगा। जनता और कार्यकर्ताओं में इसको लेकर काफी उत्साह है।”

उन्होंने आगे कहा कि पार्षदों से बिल्कुल आत्मीयता के साथ मुलाकात होगी। वह सांसदों और विधायकों से भी मिलेंगे। पार्टी को और कैसे मजबूत किया जा सकता है, इसको लेकर मार्गदर्शन करेंगे।

एसआईआर को लेकर चल रहे विवाद पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गोविंद सिंह डोटासरा हमेशा अच्छे शब्दों का प्रयोग नहीं करते, वे झूठे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। समझ नहीं आता कि इतने बड़े नेता होने के बावजूद, एक राजनीतिक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष होते हुए वह किस तरह के शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। उनकी पार्टी को भी सोचना चाहिए कि वह अपने स्तर को कितना गिरा रहे हैं।

भाजपा नेता ने आगे कहा कि उन्होंने अपने बच्चों और परिजनों को गलत तरीके से कॉम्पिटिशन में शामिल कराया। उनकी बुद्धि पर तरस आता है, यह आश्चर्य की बात है। वह दोनों तरह की बातें करते हैं। एक तरफ अपनी पीठ थपथपाते हैं कि हमने इतने वोट ले लिए, और दूसरी तरफ कहते हैं कि सत्ता का दुरुपयोग किया गया। अगर सत्ता का दुरुपयोग किया होता तो वह अपनी पीठ कैसे थपथपा पाते?

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह दोहरा मापदंड है। एक तरफ वह कहते हैं कि हमने उनका गढ़ जीत लिया और दूसरी तरफ आरोप लगाते हैं कि सत्ता का दुरुपयोग किया गया। अगर सत्ता का दुरुपयोग हुआ होता तो वह गढ़ कैसे जीत लेते, और अगर गढ़ जीत लिया तो सत्ता का दुरुपयोग कैसे हुआ? वह विरोधाभासी बयान दे रहे हैं। वह सोचते बाद में हैं, बोलते पहले हैं।