SGSU Advertisement
Home राजनीति राजभर बोले-पूर्वांचल में सपा के यादव वोट बैंक में 18 फीसदी की...

राजभर बोले-पूर्वांचल में सपा के यादव वोट बैंक में 18 फीसदी की सेंध, चाचा-भतीजे के बीच फिर छिड़ी महाभारत

0
1

लखनऊ, 11 नवंबर (आईएएनएस)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए पार्टी के भीतर बढ़ती कथित गुटबाजी और अंतर्कलह को लेकर तंज कसा है। उन्होंने दावा किया कि पूर्वांचल में सपा का 18 फीसदी यादव वोट बैंक खिसक रहा है और पार्टी के भीतर चाचा-भतीजे के बीच राजनीतिक खींचतान एक बार फिर तेज हो गई है।

राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक ओर वह मंदिर जाने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्वांचल में समाजवादी पार्टी के भीतर बगावत के सुर सुनाई देने लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा के ही एक नेता ने अपनी रिपोर्ट में पूर्वांचल में यादव वोट बैंक के 18 फीसदी खिसकने की बात कही है।

मंत्री ने सपा में कथित पारिवारिक वर्चस्व की लड़ाई पर तंज कसते हुए कहा कि सैफई परिवार के भीतर महाभारत फिर शुरू हो गई है। पार्टी में ‘भतीजावादी’ और ‘चच्चावादी’ खेमों के बीच खींचतान बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चाचा के समर्थक अखिलेश यादव के पुतले फूंक रहे हैं और बाहुबलियों तथा धनबलियों से राजनीतिक समीकरण बनाने के लिए वीडियो कॉल के जरिए बातचीत कराई जा रही है।

राजभर ने अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि वह राजधानी में बैठकर सोशल मीडिया और राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त हैं, जबकि जिलों में उनके खिलाफ विरोध के स्वर उठने लगे हैं। उन्होंने तंज भरे अंदाज में अखिलेश को अपने चाचा से रिश्ते सुधारने और उनका सम्मान करने की सलाह दी। मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव को अभी से अपने चाचा के सामने झुककर उनका सम्मान करना शुरू कर देना चाहिए। हो सकता है कि इससे उनका दिल पिघल जाए और वह पुराने अपमान भुलाकर फिर साथ आ जाएं।

उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं हुआ तो आने वाले समय में सपा को हर सीट पर बागी उम्मीदवारों, अलग-अलग गुटों की फंडिंग और अंदरूनी राजनीतिक सौदेबाजी का सामना करना पड़ सकता है। राजभर ने अपने पोस्ट के अंत में कहा कि यदि सपा नेतृत्व ने समय रहते पार्टी के अंदरूनी मतभेदों को नहीं संभाला तो इसका खामियाजा उसे चुनाव में भुगतना पड़ सकता है।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएम