Monday, July 27, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दिखाया आईना, बौखलाए मुल्क की यूएन से...

राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दिखाया आईना, बौखलाए मुल्क की यूएन से अपील- डालें दबाव

0
5

नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के रक्षा मंत्री ने कारगिल दिवस पर पाकिस्तान को अपनी हद में रहने की नसीहत दी। इस्लामाबाद इससे बेचैन हो उठा है। नतीजतन उसने हमेशा की तरह एक बयान जारी कर दुनिया से दखल देने की गुहार लगाई है।

सोमवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने राजनाथ सिंह की टिप्पणी को ‘उकसावे वाली और गैर जिम्मेदाराना करार दिया।’ रक्षा मंत्री ने पीओके को लेकर जो आईना दिखाया उसी पर पड़ोसी मुल्क को आपत्ति है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर अपना बयान जारी किया। एक्स पर जारी पोस्ट में कहा, “पाकिस्तान सरकार जम्मू-कश्मीर विवाद के संदर्भ में भारतीय रक्षा मंत्री की उकसावे वाली और गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियों की कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करती है।”

इसमें आगे कहा गया, “उनका (राजनाथ सिंह) बयान जम्मू-कश्मीर विवाद से जुड़े तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करता है। यह क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को खतरे में डालती है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस पर ध्यान देते हुए भारत पर दबाव बनाना चाहिए।”

पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने हस्तक्षेप की गुहार लगाई। इसमें आगे कहा गया, “पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय समुदाय, खासकर संयुक्त राष्ट्र से आग्रह करता है कि वह भारत पर दबाव डाले, उसके व्यवहार पर ध्यान दे और उसे जवाबदेह ठहराए।”

वहीं, रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि भारत की “बयानबाजी के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानूनी स्थिति को बदलने की लगातार कोशिशें तथ्यों को नहीं बदल सकतीं और हम इसे कामयाब नहीं होने देंगे।”

आसिफ ने कहा कि राजनाथ सिंह के बयानों से क्षेत्रीय शांति या सार्थक बातचीत में कोई मदद नहीं मिलती।

दरअसल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कारगिल वॉर मेमोरियल के मंच से पाकिस्तान को संकेत दिया था कि उसकी तरफ जो कश्मीर है, उस पर उसका कब्जा पूरी तरह गैरकानूनी है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “जहां तक कश्मीर के विवाद या इस मुद्दे पर बातचीत का सवाल है, तो हमारी मंशा साफ है कि अब पाकिस्तान से कोई बात नहीं होगी, और अगर बात होगी भी तो सिर्फ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर पर होगी।”