Sunday, July 12, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति राज्यसभा सचिवालय का आदेश, मेधा कुलकर्णी बनीं विज्ञान और पर्यावरण से जुड़ी...

राज्यसभा सचिवालय का आदेश, मेधा कुलकर्णी बनीं विज्ञान और पर्यावरण से जुड़ी संसदीय समिति की अध्यक्ष

0
22

नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। राज्यसभा सदस्य डॉ. मेधा कुलकर्णी को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन से संबंधित विभागीय संसदीय स्थायी समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

राज्यसभा सचिवालय की ओर से मंगलवार को जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, डॉ. मेधा कुलकर्णी को राज्यसभा के कार्य संचालन नियम 269 के तहत इस समिति का सदस्य भी नामित किया गया है। राज्यसभा के सभापति ने उनके नाम पर मंजूरी देते हुए उन्हें समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

यह नियुक्ति सोमवार से ही प्रभावी मानी जाएगी। राज्यसभा सचिवालय के संयुक्त सचिव राकेश नैथानी द्वारा जारी पत्र में इसकी आधिकारिक जानकारी दी गई। पत्र में कहा गया है कि समिति के सदस्यों की सूची और समिति के कामकाज से जुड़ा बैकग्राउंड नोट भी साथ में भेजा गया है।

यह संसदीय स्थायी समिति देश में विज्ञान और तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, वन और जलवायु परिवर्तन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, नीतियों और कानूनों की समीक्षा करने में अहम भूमिका निभाती है। समिति सरकार की नीतियों और योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श करती है और जरूरी सुझाव भी देती है।

डॉ. मेधा कुलकर्णी महाराष्ट्र भाजपा की प्रमुख नेताओं में गिनी जाती हैं और पुणे से विधायक भी रह चुकी हैं। लंबे समय से शिक्षा, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में सक्रिय रहने वाली मेधा कुलकर्णी ने इस नई जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे उन्हें देश में वैज्ञानिक प्रगति, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसी बड़ी चुनौतियों पर नीति स्तर पर काम करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि आज के समय में विज्ञान और पर्यावरण दोनों ही देश के विकास के लिए बेहद अहम विषय हैं। ऐसे में इस समिति के माध्यम से देशहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा और सकारात्मक सुझाव देने की दिशा में काम किया जाएगा।

डॉ. मेधा कुलकर्णी की इस नियुक्ति को महाराष्ट्र भाजपा के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी हैं।

–आईएनएस

वीकेयू/डीकेपी